
PCCF मनोज अग्रवाल का पत्र सुर्खियों में, प्रशासनिक प्रोटोकॉल के उल्लंघन का मामला, HOFF बोले- देखते हैं!
गणेश पांडे की विशेष रिपोर्ट
भोपाल। वन महकमे में PCCF कैम्पा मनोज अग्रवाल का एक पत्र फिर सुर्खियों में है। पत्र को लेकर विवाद इसलिए हो रहा है कि PCCF अनुसंधान एवं विस्तार के होते हुए PCCF कैम्पा मनोज अग्रवाल ने सीधे अनुसंधान एवं विस्तार के डीएफओ और वन संरक्षक को पत्र लिखकर उन्हें निर्देश दिए हैं।
विभाग के सीनियर अधिकारियों ने अग्रवाल के पत्र को प्रशासनिक प्रोटोकॉल का उल्लंघन माना हैं। इस पर एक PCCF स्तर के अधिकारी ने कटाक्ष किया कि जब राजा कमजोर होता है तो मंसूबदार स्वयं को स्वतंत्र घोषित कर देते हैं। यही वजह है कि PCCF अग्रवाल ने पत्र की कॉपी भी वन-बल प्रमुख शुभ रंजन सेन को नहीं भेजी है।
पूर्व एक्स के ब्लू आई अफसर के रूप में जाने जाने वाले PCCF कैम्पा मनोज अग्रवाल ने यह पत्र 10 मार्च को लिखा है। अनुसंधान एवं विस्तार के वन संरक्षक और डीएफओ को सीधे संबोधित पत्र में निर्देश दिए हैं कि सामाजिक वानिकी वृत्त अंतर्गत रोपणियों में उपजाऊ मिटट्टी का उपयोग किया जाता है। उपजाऊ मिटट्टी के उपयोग के संबंध में यह निर्देशित किया जाता है कि आवश्यक मिटटी खेतों अथवा अन्य स्थलों से क्रय करने के स्थान पर रोपणियों के आस-पास स्थित वन क्षेत्रों में निर्मित किये गये तालाबों से आवश्यकतानुसार खुदाई कर मिटट्टी का संग्रहण किया जावे। इससे तालाबों का गहरीकरण होकर जल संरक्षण में वृद्धि होगी। दूसरा यह कि तालाबों से प्राप्त मिटट्टी अधिक उपजाऊ एवं विभिन्न रासायनिक पदार्थों से मुक्त होगी जिससे कि फंगल इन्फेक्शन की संभावना कम होगी। मिटट्टी क्रय किये जाने की तुलना में लागत कम होगी।

यहां यह उल्लेख करना उचित होगा कि प्रशासनिक प्रोटोकॉल के तहत अग्रवाल को यह पत्र PCCF अनुसंधान विस्तार को सुझाव बतौर लिखना था। चूंकि कैम्पा शाखा से करोड़ों रुपया नर्सरी में पौधे तैयार करने के लिए दिया जाता है इसलिए अग्रवाल ने अनुसंधान एवं विस्तार के अफसर को नियंत्रित करने के लिए यह पत्र लिखा है।
*पूर्व में भी उन्हें स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके है*
फरवरी में ही तत्कालीन वन बल प्रमुख व्ही. एन. अंबाडे ने एक निर्देश दिए हैं कि सभी बजट प्रबंधकों के कार्य निर्धारित हैं। स्वीकृत कार्य आयोजना एवं वार्षिक एक्शन प्लान के अनुसार कैम्पा एवं विकास को अन्य शाखाओं के कार्यों का भी आवंटन प्राप्त होता है। वह आवंटित राशि एवं कार्य की सूची सहित कैम्पा एवं विकास द्वारा संबंधित योजना प्रबंधकों को उपलब्ध करायी जावेगी। योजना प्रबंधकों को प्राप्त कार्य सूची के अनुसार आवंटन को अपने स्तर से आवश्यकता अनुसार अधीनस्त कार्यालयों को आवंटित कर सकेगे तथा वह व्यय/कार्य की सतत समीक्षा करेगे तथा राशि उपयोगिता की जानकारी समय-समय पर कैम्पा एवं विकास को भेजेंगे।
PCCF कैम्पा मनोज अग्रवाल के पत्र को लेकर विभाग के अधिकारी कन्फ्यूज्ड है। अग्रवाल के पत्र को लेकर संवाददाता ने कम से कम एक दर्जन से अधिक बार फील्ड के अधिकारियों से बात की। वे अग्रवाल के कोपभाजक न बने, इसलिए दबी जुबां से बताया कि वे स्वयं कंफ्यूज है। कन्फ्यूजन इस बात को लेकर हैं कि उनके नर्सरी के आसपास तालाब के गहरीकरण का कोई भी काम नहीं चल रहा है, ऐसे में वह क्या करें? इसे स्पष्ट नहीं किया गया। नाम नहीं छापने की शर्त पर कई CF और DFO का यह भी कहना है कि उन्हें निर्देश PCCF अनुसंधान की ओर से आना चाहिए था न कि PCCF कैम्पा से।
*इनका कहना*
अग्रवाल ने जहां तक तालाब के गहरीकरण से निकलने वाली मिट्टी के उपयोग करने की बात कही है, वह तो ठीक है। जहां तक सीधे सीएफ-डीएफओ को पत्र लिखा है, उसे हम देखते हैं।
*शुभ रंजन सेन,वन बल प्रमुख*





