
लखीमपुर खीरी में आंबेडकर की मूर्ति टूटने पर बवाल, 20 पुलिस वाले घायल, गाड़ियां फूंकी
बांकेगंज (लखीमपुर)। बांकेगंज ब्लॉक के गांव मोतीपुर में मंगलवार शाम डॉ. आंबेडकर की मूर्ति स्थापित करने को लेकर बवाल हो गया। जिस भूमि पर मूर्ति स्थापित की जा रही थी, उसके मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों में विवाद चल रहा था। हालांकि, विवादित जमीन खाद के गड्ढे के रूप में दर्ज बताई जाती है। दोनो पक्षों में शुरू हुआ बवाल पथराव से लेकर आगजनी में बदल गया।
मूर्ति स्थापित करने वाले पक्ष के लोगों ने पुलिस पर पथराव ही नहीं किया, बल्कि उनके वाहन क्षतिग्रस्त कर आग के हवाले कर दिया। तनाव व बवाल को लेकर गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। वहीं, डीएम व एसपी ने गांव पहुंचकर हालात का जायजा लिया है।
मैलानी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत ग्रंट नंबर दस के गांव मोतीपुर में खाद के गड्ढे के रूप में दर्ज जमीन पर दो लोग अपना कब्जा बता रहे हैं। एक पक्ष के लोगों ने मंगलवार को वहां पर भंडारा आदि का आयोजन हो रहा था। इस बीच कुछ लोगों ने आनन-फानन में वहां पर बाबा साहेब की मूर्ति स्थापित कर दी।
इस पर दूसरे पक्ष की महिला चंदा देवी ने उसी जमीन पर अपना कब्जा बताकर नींव भरानी शुरू कर मूर्ति रखने का विरोध किया। इसके बाद मामला पुलिस तक जा पहुंचा। सूचना मिलने पर एडिशनल एसपी से लेकर सीओ गोला रमेश कुमार तिवारी, एसओ मैलानी, एसओ हैदराबाद, नायब तहसीलदार भानु प्रताप सिंह, कानून गो आदि भी मौके पर पहुंच गए। घटना में दर्जनों पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं। मौके पर डीएम-एसपी पहुंचे हैं। उपद्रवियों ने सीओ गोला को दौड़ा लिया और उनकी गाड़ी क्षतिग्रस्त कर दी।
प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने और बाबा साहेब की मूर्ति खंडित होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस पर पथराव कर उनके वाहन क्षतिग्रस्त कर रोड पर पलट दिया। बताते हैं कि इस दौरान कुछ वाहनों में आगजनी का भी प्रयास किया गया। ग्रामीणों के पथराव में करीब 20,-22 पुलिस कर्मी घायल होना बताए जाते हैं। वहीं महिला चंदा देवी के भी चोट लगना बताया जाता है।
सरकारी रिकॉर्ड में खाद के गड्ढे में दर्ज है विवादित जमीन
जिस जमीन पर एक पक्ष ने मंगलवार को डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की, उस जमीन पर दूसरे पक्ष की महिला चंद्रा भर्गव ने अपना कब्जा दिखाते हुए नींव भरने का प्रयास किया था। इस जमीन की एक दिन पहले पैमाइश हुई थी, जो खाद के गड्ढे के रिकॉर्ड में दर्ज है। मंगलवार शाम हुए विवाद में कब्जेदार महिला भी घायल हुई है।
एएसपी पश्चिमी अमित कुमार राय ने बताया कि डॉ. आंबेडकर जयंती पर बांकेगंज ब्लॉक के गांव मोतीपुर में उनकी मूर्ति पर माल्यार्पण हो रहा था। इस दौरान कुछ लोगों ने वहां पर बाबा साहेब की मूर्ति स्थापित करने का प्रयास करने लगे। पुलिस के रोकने पर यह लोग उग्र होकर उलझने के साथ पुलिस पर पथराव करने लगे। इस पर लोगों को खदेड़ा गया। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस बल तैनात है।





