
IPS एसोसिएशन ने विधायक प्रीतम लोधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की,SDOP करैरा के खिलाफ अभद्र और धमकी भरी भाषा के प्रयोग की निंदा की
भोपाल: मध्य प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम सिंह लोधी द्वारा एक युवा IPS अधिकारी के खिलाफ की गई अभद्र, अमर्यादित और धमकी भरी भाषा के प्रयोग को लेकर IPS एसोसिएशन मध्य प्रदेश ने कड़ी निंदा की है। इसी के साथ MLA के खिलाफ कार्यवाही की मांग भी की है।
मध्य प्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ के अध्यक्ष चंचल शेखर द्वारा जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार मीडिया में एक वीडियो वायरल कर पिछोर विधायक प्रीतम सिंह द्वारा करेरा SDOP डॉ आयुष जाखड़ के संबंध में जो अभद्र और धमकी भरी भाषा का उपयोग किया गया है वह अत्यंत निंदनीय और सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि उक्त वीडियो में SDOP आयुष जाखड़ नवनियुक्त पुलिस अधिकारी एवं उनके परिवार के प्रति की गई अपमानजनक टिप्पणियां तथा दी गई धमकियां पूर्णतया अमर्यादित और अशोभनीय है। यह आचरण एक जनप्रतिनिधि के पद की मर्यादा के विपरीत है तथा इससे प्रशासनिक तंत्र एवं समस्त अधिकारियों के मनोबल पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
चंचल शेखर ने कहा कि जनप्रतिनिधियों से अपेक्षा की जाती है कि वह अपने आचरण एवं भाषा को संयमित और मर्यादित रखें। इस प्रकार की अमर्यादित भाषा एवं धमकी पूर्ण व्यवहार किसी भी लोकतांत्रिक व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं है और यह प्रशासनिक तंत्र की निष्ठा को आहत करता है।

मध्य प्रदेश भारतीय पुलिस सेवा संघ इस कृत्य की कड़े शब्दों में निंदा करता है एवं उचित कार्रवाई की मांग करता है।
प्रेस विज्ञप्ति में यह भी कहा गया है कि आज बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण संयोग है कि आज सिविल सर्विस दिवस के दिन ही एक सिविल सेवा के अधिकारी के साथ किए गए इस तरह के व्यवहार के संबंध में यह प्रेस नोट जारी करना पड़ रहा है।





