Jewellery Stolen from Wedding Venue : शादी वाले घर में हुई चोरी करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, ₹5 लाख के आभूषण एवं नगद राशि बरामद!

300

Jewellery Stolen from Wedding Venue : शादी वाले घर में हुई चोरी करने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, ₹5 लाख के आभूषण एवं नगद राशि बरामद!

Ratlam : जिले के सैलाना में शादी समारोह के दौरान सूने घर में हुई चोरी के मामले का सैलाना पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए आभूषण एवं नगदी बरामद की। जिले के ग्राम बोदिना निवासी निर्मल पाटीदार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 26 अप्रैल 2026 को उनके भतीजे के विवाह कार्यक्रम के दौरान पूरा परिवार घर से बाहर गया हुआ था। रात्रि लगभग 10 बजे वापस घर लौटने पर देखा कि दरवाजे का नकुचा टूटा हुआ है और अंदर अलमारी खुली हुई थी जिसमें रखे चांदी के आभूषण एवं नगद राशि गायब थी।

इसी दौरान यह बात भी सामने आई कि दूल्हे के रिश्तेदार के बैग से भी सोने का हार एवं नगदी चोरी गायब है। मामले में सैलाना थाने पर अपराध क्रमांक 141/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

चोरी के मामले को लेकर सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर सघन जांच प्रारंभ की गई। टीम द्वारा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर सुजल पिता मुकेश पाटीदार, निवासी ग्राम पंचेवा थाना पिपलौदा को हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर उसने चोरी की वारदात करना कबूला।

आरोपी की निशानदेही पर ग्राम पंचेवा स्थित पवन चक्की क्षेत्र में एक टीन शेड से चोरी गया सोने का हार एवं चांदी के आभूषण बरामद किए गए। साथ ही आरोपी द्वारा चोरी की गई नगदी राशि अपनी मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-43-ZF-9551) की टंकी के नीचे डिक्की में छिपाकर रखी गई थी जिसे भी पुलिस ने बरामद किया।

SP अमित कुमार ने बताया कि इस कार्रवाई में लगभग ₹5 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण एवं ₹21 हजार नगद राशि सहित घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जप्त करते हुए आरोपी सुजल पाटीदार (20) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस ने पकड़े गए आरोपी से 1 ढाई तोले का सोने का हार जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपए हैं, चांदी का कंदोरा 84 ग्राम, एक जोड़ी चांदी की पायजेब 148 ग्राम, एक जोड़ी चांदी की पायजेब 54 ग्राम तथा 21 हजार रुपए नकद तथा घटना को अंजाम देने में मोटरसाइकिल क्रमांक MP 43 ZF 9551 (चेसिस क्रमांक MBLHAW- 227 R4M 04470 जब्त किए गए।

आरोपी को गिरफ्तार करने में सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश, उप-निरीक्षक आनंद बागवान, सहायक उप-निरीक्षक शंकर सिंह शक्तावत, फकीरचंद सोलंकी तथा साइबर सेल टीम का योगदान रहा!