बड़वाह में धार्मिक भावनाओं को लेकर विरोध, मौन रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन

188

बड़वाह में धार्मिक भावनाओं को लेकर विरोध, मौन रैली निकालकर सौंपा ज्ञापन

बड़वाह। शहर में सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों को लेकर रविवार को माहौल गर्मा गया। जय श्री गणेश परिवार भक्त मंडल के आह्वान पर प्रदेशभर से आए हजारों भक्तों ने शाम 5 बजे महेश्वर रोड स्थित कृषि उपज मंडी से एक मौन रैली निकाली।

रैली महेश्वर रोड से शुरू होकर जय स्तंभ चौराहा, मुख्य चौराहा, बस स्टैंड होते हुए थाना परिसर पहुंची। इस दौरान श्रद्धालुओं ने तख्तियों के माध्यम से नाराजगी जताते हुए “राहुल अवस्थी शर्म करो” जैसे नारे लिखे और सदगुरुदेव के सम्मान में आवाज उठाई।

 *क्या है मामला*

बताया जा रहा है कि बड़वाह के दो युवकों—राहुल अवस्थी और राज वर्मा—पर आरोप है कि उन्होंने फेसबुक आईडी के माध्यम से धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली आपत्तिजनक पोस्ट डाली। आरोप है कि इन पोस्ट में अभद्र भाषा का उपयोग करते हुए आपत्तिजनक शब्दों और टिप्पणियों से समाज में आक्रोश फैलाया गया।

IMG 20260504 WA0012

*भक्तों में आक्रोश* 

जय श्री गणेश परिवार से जुड़े सदस्यों ने कहा कि इस तरह की भाषा से भक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में अनावश्यक तनाव पैदा हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की अभद्रता किसी भी स्थिति में सहन नहीं की जाएगी।

*प्रशासन को सौंपा ज्ञापन*

रैली के समापन पर श्रद्धालुओं ने एसडीएम सत्यनारायण दर्रा और एसडीओपी अर्चना रावत को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में संबंधित युवकों के खिलाफ साइबर आईटी एक्ट एवं भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत सख्त कार्रवाई की मांग की गई। ज्ञापन का वाचन राकेश तोमर (धार) द्वारा किया गया।

*पुलिस का बयान*

एसडीओपी अर्चना रावत ने कहा कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणियों की साइबर माध्यम से जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित युवकों के खिलाफ वैधानिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।