
फिल्मी अंदाज में अजीबोगरीब चोरी: ट्रायल के बहाने शोरूम से नया ट्रैक्टर उड़ा ले गया चोर, पुलिस ने महज़ 5 घंटे में ऐसे दबोचा
बड़वानी :शोरूम से चमचमाता हुआ नया ट्रैक्टर खरीदने का नाटक करना और फिर ट्रायल के बहाने उसे लेकर रफूचक्कर हो जाना— फिल्मी अंदाज में की गई चोरी की यह सनसनीखेज वारदात बड़वानी में सामने आई है। हालांकि, शातिर चोर की यह चालाकी पुलिस की तत्परता के आगे ज्यादा देर टिक नहीं सकी। कोतवाली पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए घटना के महज 5 घंटे के भीतर आरोपी को धरदबोचा और उसके पास से ₹8 लाख की कीमत का नया ट्रैक्टर बरामद कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार सोमवार को फरियादी शिवराम ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत के मुताबिक, सोमवार को एक युवक सेंगांव फाटा स्थित एक ट्रैक्टर शोरूम पर पहुंचा। उसने खुद को ग्राहक बताते हुए ट्रैक्टर खरीदने की इच्छा जताई और फिर टेस्ट ड्राइव (ट्रायल) की मांग की। शोरूम के कर्मचारियों ने उस पर भरोसा कर ट्रायल के लिए ट्रैक्टर दे दिया।
वह ट्रायल लेकर आया और उसने कहा कि उसे थोड़ा लंबा ट्रायल लेना है, इसलिए ₹500 का डीजल भरवाना है. इसके बाद शोरूम मालिक ने एक कर्मचारी उसके साथ भेज दिया. हालांकि उसमें खुद के पैसे से ₹500 का डीजल डलवाया. इसके बाद कर्मचारी को उसने ड्रॉप कर दिया.
युवक ट्रैक्टर पर बैठा और कर्मचारियों से कहा कि वह सामने डिवाइडर से ट्रैक्टर मोड़कर अभी लाता है। लेकिन वह वापस मुड़ने के बजाय तेजी से आगे बढ़ गया। जब कर्मचारियों को शक हुआ और उन्होंने उसे रोकने की कोशिश की, तो वह उन्हें कट मारकर ₹8 लाख की कीमत का नया ‘ ट्रैक्टर लेकर हाईवे पर भाग निकला।
दिनदहाड़े हुई इस चोरी की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने तत्काल मोर्चा संभाला। उन्होंने विशेष टीमों को एक्टिव किया और कोतवाली पुलिस ने तुरंत शोरूम व उसके आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इसके बाद कंट्रोल रूम और वायरलेस सेट के जरिए पूरे जिले के थानों को अलर्ट कर सख्त नाकाबंदी कर दी गई।
पुलिस ने एक स्मार्ट कदम उठाते हुए चोरी गए ट्रैक्टर की जानकारी और आरोपी का हुलिया सोशल मीडिया पर भी शेयर कर दिया। यह रणनीति रंग लाई। सोशल मीडिया पर पोस्ट देखकर एक जागरूक नागरिक ने आरोपी और ट्रैक्टर की सटीक लोकेशन पुलिस को दे दी।
सटीक सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की और आरोपी शुभम (उम्र 23 वर्ष), पिता कमल बर्डे, निवासी पाल्या (थाना अंजड़) को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी का ट्रैक्टर जब्त कर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने बताया कि करीब 5 लीटर डीजल शोरूम ओनर में डलवाया था और 500 रु का ईंधन शुभम ने डलवाया था. उसने करीबन 70 से 75 किलोमीटर ट्रैक्टर चलाया. जब उसे पकड़ा गया तब तक पूरा ईंधन लगभग खत्म हो चुका था
महज 5 घंटे में इस अजीबोगरीब चोरी का खुलासा करने में टीआई बलजीत सिंह बिसेन, प्रधान आरक्षक जगजोध सिंह, प्रधान आरक्षक निकुम्न, और आरक्षक पुरुषोत्तम, आत्माराम व पवन की सराहनीय भूमिका रही। एसपी ने पूरी टीम की पीठ थपथपाते हुए सभी को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।





