मेलोडी चॉकलेट के जवाब में राहुल गांधी को रमेश मेंदोला ने भेजी हाजमोला

एक्स पर लिखा हाजमोला खाएं ताकि देश की अच्छी बातें हजम कर सके कांग्रेसी

85

मेलोडी चॉकलेट के जवाब में राहुल गांधी को रमेश मेंदोला ने भेजी हाजमोला

भोपाल: सोशल मीडिया और राजनीतिक गलियारों में अपनी अनूठी बयानबाजी के लिए मशहूर इंदौर से भाजपा के विधायक रमेश मेंदोला ने एक बार फिर कांग्रेस और पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर तीखा तंज कसा है। मेंदोला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वैश्विक लोकप्रियता और भारत में बनी चॉकलेट की चर्चा करते हुए राहुल गांधी के लिए आनलाइन हाजमोला आर्डर की है। जिसका स्क्रीनशॉट उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा किया।

रमेश मेंदोला ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से एक पोस्ट साझा की, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच हुई मुलाकात और उस दौरान दिए गए उपहारों का जिक्र किया। मेंदोला ने लिखा कि ‘माननीय मोदी जी ने इटली की पीएम को मेड इन इंडिया चॉकलेट गिफ्ट की और वो चॉकलेट पूरी दुनिया में मशहूर हो गई। ये बात राहुल गांधी और कांग्रेसियों को हजम नहीं हो रही है। वैसे भी जब भी देश के लिए कुछ अच्छा होता है, तो इनको हजम नहीं होता। इनकी ये बीमारी दूर करने के लिए मैंने टाटा की 1 एमजी डॉट कॉम पर राहुलजी के लिए हाजमोला का एक डिब्बा आर्डर किया है और उन्हें एक्स पर ट्विट कर इसकी सूचना भी दे दी है। ’

मेंदोला ने चुटकी लेते हुए आगे लिखा कि हाजमोला का यह डिब्बा जल्द ही दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय पहुंच जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि राहुल गांधी खुद भी इसे खाएंगे और अपनी पार्टी के अन्य कार्यकर्ताओंको भी खिलाएंगे।

पोस्ट के अंत में विधायक मेंदोला ने तंज कसते हुए लिखा कि राहुल गांधी और कांग्रेसियों को देश को मिल रहे वैश्विक सम्मान, भारत की मेलोडी चॉकलेट की वैश्विक ख्याति और देशहित में हो रहे बड़े वैश्विक अनुबंधों के समाचारों को पचाने की सख्त जरूरत है। उन्होंने राहुल गांधी से आग्रह किया कि वे हाजमोला खाते रहें, ताकि उन्हें देश के लिए होने वाली अच्छी बातें हजम करने की शक्ति मिल सके।