नीति आयोग की रैंकिंग में झिरन्या का परचम, दिसंबर डेल्टा रैंकिंग में मध्यभारत ज़ोन में प्रथम स्थान

समन्वित प्रयास, नवाचार और जनभागीदारी से मिली ऐतिहासिक उपलब्धि

42

नीति आयोग की रैंकिंग में झिरन्या का परचम, दिसंबर डेल्टा रैंकिंग में मध्यभारत ज़ोन में प्रथम स्थान

खरगोन : आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम अंतर्गत खरगोन जिले का झिरन्या विकासखंड निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सशक्त पहचान बना रहा है। नीति आयोग द्वारा जारी दिसंबर डेल्टा रैंकिंग में झिरन्या विकासखंड ने मध्यभारत ज़ोन में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले एवं प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। यह उपलब्धि विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयास, सतत मॉनिटरिंग, प्रभावी क्रियान्वयन तथा जनभागीदारी का प्रतिफल है।

उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व सितंबर 2024 की डेल्टा रैंकिंग में भी झिरन्या विकासखंड ने मध्यभारत ज़ोन में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था, जिसके लिए नीति आयोग द्वारा विकासखंड को 01 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई थी। इस राशि से कलेक्टर खरगोन के मार्गदर्शन में विकासखंड क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकास विभाग अंतर्गत व्यापक सुधार कार्य किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग के 11 डिलीवरी पॉइंट्स को सुदृढ़ एवं उन्नत किया जा रहा है, जिससे मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही 50 आंगनवाड़ी केंद्रों को मॉडल आंगनवाड़ी के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहाँ बच्चों एवं महिलाओं को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएँ उपलब्ध कराई जाएंगी।

ज्ञात हो कि देश के पिछड़े क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप नीति आयोग द्वारा आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। भारत सरकार के इस महत्वाकांक्षी कार्यक्रम में देश के 329 जिलों के 500 विकासखंड सम्मिलित हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य आकांक्षी (Aspirational) क्षेत्रों को प्रेरणादायी (Inspirational) क्षेत्रों में परिवर्तित करना है। इसके अतिरिक्त देश के 112 आकांक्षी जिलों में भी विकासात्मक गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। मध्यप्रदेश से चयनित 42 विकासखंड इस कार्यक्रम का हिस्सा हैं।

खरगोन जिले के झिरन्या एवं भगवानपुरा विकासखंड आकांक्षी विकासखंड के रूप में चयनित हैं, जहां कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री मिलिंद कुमार नागदेवे के मार्गदर्शन में निरंतर नवाचार आधारित कार्य किए जा रहे हैं। विकासखंड स्तर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्रीमती रीमा अंसारी के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया गया है। स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, जल संरक्षण, वित्तीय समावेशन एवं आधारभूत संरचना जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है।

आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम अंतर्गत जिला प्रभारी श्री नीरज अमझरे एवं आकांक्षी फेलो सुश्री साक्षी राठौर द्वारा विभागों के मध्य समन्वय स्थापित करते हुए विभिन्न योजनाओं एवं प्रमुख प्रदर्शन संकेतकों (KPIs) की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। फेलो द्वारा बताया गया कि ग्राम स्तर तक योजनाओं की पहुँच सुनिश्चित करने, मैदानी अमले के सतत प्रशिक्षण, डेटा आधारित समीक्षा तथा जनजागरूकता गतिविधियों के कारण विकासखंड में निरंतर उल्लेखनीय प्रगति हो रही है।