
शॉर्ट सर्किट से सूत मिल में भीषण आग, सैकड़ों कॉटन बेल और मशीनें जलकर राख
खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले के सनावद नगर स्थित अवंति मिल वर्कर्स इंडस्ट्रियल कोऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मिल परिसर में रखी बड़ी मात्रा में कॉटन बेल्स आग की चपेट में आ गईं और देखते ही देखते लपटें पूरे परिसर में फैल गईं। काले धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा।

घटना की सूचना मिलते ही सनावद, सीआईएसएफ बड़वाह, एनटीपीसी सेल्दा और ओंकारेश्वर नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सनावद थाना प्रभारी धर्मेंद्र यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि नुकसान का अंतिम आंकलन अभी किया जा रहा है।

मिल के जनरल मैनेजर धर्मेंद्र मित्तल के अनुसार आग मिल के ब्लो रूम में शॉर्ट सर्किट से लगी थी। वहां रखी कॉटन बेल्स ने तेजी से आग पकड़ ली, जिससे आग पूरे सेक्शन में फैल गई। हादसे में ब्लो रूम की दो महत्वपूर्ण मशीनें भी जल गईं, जिनका उपयोग कॉटन बेल्स के ट्रांसफर और ओपनिंग के लिए किया जाता था। उन्होंने बताया कि करीब 300 से 400 कॉटन बेल्स जलकर नष्ट हो गईं, जबकि दो मशीनों को मिलाकर लगभग डेढ़ करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है।
मिल परिसर में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील कॉटन सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
मिल के चेयरमेन विजय गुप्ता ने घटना के बाद नाराजगी जताते हुए कहा कि सनावद जैसे औद्योगिक क्षेत्र में कई जिनिंग फैक्ट्री और स्पिनिंग मिल होने के बावजूद फायर फाइटिंग व्यवस्था नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि समय पर पर्याप्त फायर ब्रिगेड उपलब्ध हो जाती तो नुकसान काफी कम हो सकता था।
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार केसी सोलंकी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी राजेंद्र मिश्रा सहित पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल आग पूरी तरह नियंत्रित कर ली गई है और नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।





