An Example of Humanity : वात्सल्य धाम बना मानवता की मिसाल, वृद्ध सेवा से लेकर संस्कार निर्माण तक निभा रहा अनूठी भूमिका!

51

An Example of Humanity : वात्सल्य धाम बना मानवता की मिसाल, वृद्ध सेवा से लेकर संस्कार निर्माण तक निभा रहा अनूठी भूमिका!

गौसेवा, वृद्धाश्रम और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य का समावेश!

 

Jaora : मानव सेवा, करुणा और संस्कारों की अलख जगाने वाला “वात्सल्य धाम” आज समाज के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उभर रहा है। जैन दिवाकर फाउंडेशन एवं थोरल्या मां साहेब जिजाऊ सेवा संस्था द्वारा सामनगांव, नाशिक में संचालित यह सेवा प्रकल्प वर्षों से निरंतर मानवता की मिसाल पेश कर रहा है। यहां वृद्धों की सेवा, गौसंरक्षण और बच्चों के संस्कार निर्माण जैसे कार्य पूरी निष्ठा और समर्पण भाव से किए जा रहें हैं। श्रवण संघीय जैन दिवाकरिय प्रवर्तनी, मेवाड़ गौरव पूज्य डॉ. श्री चन्दना जी महाराज साहेब (ठाणा 8) की पावन प्रेरणा एवं आशीर्वाद से संचालित “वात्सल्य धाम” में समाजसेवा का ऐसा स्वरूप देखने को मिल रहा है, जहां जरूरतमंदों को परिवार जैसा स्नेह और सहारा मिल रहा है। संस्था द्वारा संचालित वृद्धाश्रम में निराश्रित एवं बुजुर्गजनों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे उन्हें सम्मानपूर्ण और आत्मीय वातावरण प्राप्त हो सके।

राष्ट्रीय वरिष्ठ मार्गदर्शक अभय सुराणा ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल सेवा करना नहीं, बल्कि समाज में संवेदनशीलता और संस्कारों का विस्तार करना है। गौशाला में गोवंश की सेवा एवं संरक्षण का कार्य भी पूरी श्रद्धा और समर्पण के साथ किया जा रहा है। वहीं बच्चों को शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और संस्कारों से जोड़कर उनके उज्ज्वल भविष्य का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जो भी जैन परिवार सेवा भावना से इस मिशन से जुड़ना चाहते हैं, उनके लिए संस्था द्वारा रहने, भोजन और बच्चों की शिक्षा जैसी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे समाज में सेवा, सहयोग और संस्कारों की भावना को नई दिशा मिलेगी।अभय सुराणा ने समाज के सेवाभावी, धर्मप्रेमी एवं जागरूक नागरिकों से इस पुनीत मानव सेवा अभियान में सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि तन, मन और धन से सहयोग कर मानवता की इस अलख को और अधिक मजबूत बनाया जा सकता है। “वात्सल्य धाम” आज केवल एक संस्था नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार और समर्पण का जीवंत प्रतीक बन चुका है, जो समाज को मानवता की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दे रहा है!