हाईवे पर शराबी बदमाशों का आतंक: नेवी अफसर की पत्नी की कार समेत कई वाहनों पर पथराव, पुलिस ने निकाला जुलूस

89

हाईवे पर शराबी बदमाशों का आतंक: नेवी अफसर की पत्नी की कार समेत कई वाहनों पर पथराव, पुलिस ने निकाला जुलूस

खरगोन : आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राऊ-खलघाट फोरलेन पर पलाश होटल के पास अज्ञात बदमाशों ने चलती बसों और कारों पर ताबड़तोड़ पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। हाईवे पर अचानक हुए इस हमले से यात्रियों में दहशत फैल गई। बदमाशों ने नेवी अफसर की पत्नी की कार तक को नहीं बख्शा। घटना में कई वाहनों के कांच चकनाचूर हो गए।

पुलिस ने मामले में सात आरोपितों को हिरासत में लेकर उनका जुलूस भी निकाला।

घटना धामनोद थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक, फरियादी गोकुल चौधरी निवासी देवास, जो पेशे से ड्राइवर है, स्लीपर बस क्रमांक एमपी 13 पी 6077 से यात्रियों को लेकर इंदौर से जालना जा रहा था। रात करीब 11:55 बजे जैसे ही बस पलाश होटल के पास पहुंची, तभी सड़क किनारे खड़े युवकों ने अचानक बस पर पत्थर फेंकना शुरू कर दिया। पथराव में बस का सामने का कांच बुरी तरह टूट गया।

बदमाशों का आतंक यहीं नहीं रुका। पीछे आ रही पवन ट्रेवल्स की बस को भी निशाना बनाया गया, जिससे बस के कई साइड ग्लास टूट गए। इसी दौरान एक काली आर्टिका कार क्रमांक 25 बीएच 2147 एस पर भी पत्थर बरसाए गए। कार का पिछला कांच और डोर पैनल क्षतिग्रस्त हो गया।

कार में सवार सुमन ने बताया कि वह अपने बच्चे के साथ पीछे की सीट पर सो रही थीं। अचानक तेज आवाज से नींद खुली तो पता चला कि किसी ने कार पर पत्थर मार दिया है। उन्होंने बताया कि उनके पति नेवी में अफसर हैं, और पिता भी एक्स नेवी अफसर रहे हैं. वे और परिवार मुंबई में रहता है। घटना के बाद वे बुरी तरह घबरा गए। उन्होंने कहा कि कार कि खिड़की के कंच में फिल्म नहीं लगी होती तो बच्चा घायल हो जाता.

इसके अलावा एक सीएनजी ईको वाहन का सामने का कांच भी पथराव में टूट गया। हालांकि गनीमत रही कि किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन अचानक हुए हमले से हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर तक भय का माहौल बना रहा।

घटना के बाद धामनोद पुलिस हरकत में आई और देर रात कार्रवाई करते हुए सात आरोपितों को हिरासत में लिया। इनमें चार नाबालिग बताए जा रहे हैं। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपित शराब के नशे में हाईवे से गुजर रहे वाहनों पर पत्थर फेंक रहे थे। इसके बाद पुलिस ने आरोपितों का धामनोद में जुलूस निकाला। जुलूस देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए युवक खरगोन जिले की काकड़दा चौकी क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि चार दिन पहले गणपति घाट पर भी तीर्थयात्रियों की बस पर इसी तरह पथराव किया गया था। उस मामले में भी पुलिस ने कुछ बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से हाईवे पर सफर करने वाले लोगों में डर का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाशों में अब पुलिस का खौफ खत्म होता जा रहा है।