
टीम इंडिया की जर्सी पहन हथियार बना रहा था सिकलीगर, खरगोन में अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़; 5 गिरफ्तार
खरगोन : मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में पुलिस ने रूपा नदी किनारे संचालित एक अवैध हथियार निर्माण फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए 11 अवैध हथियारों व उपकरणों के साथ पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी भारतीय क्रिकेट टीम की जर्सी पहने हथियार बनाता मिला, जिसकी टी-शर्ट पर पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का चर्चित ‘45’ नंबर लिखा हुआ था। यह दृश्य पुलिस कार्रवाई के दौरान चर्चा का विषय बना रहा।

पुलिस अधीक्षक रवीन्द्र वर्मा ने शुक्रवार शाम पत्रकारों को बताया कि मुखबिर से सूचना मिलने पर गोगावां और सनावद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गोगावां थाना क्षेत्र के सिगनूर गांव में रूपा नदी किनारे बने अस्थायी ठिकाने पर छापा मारा। पुलिस ने मौके पर आरोपियों को अवैध हथियार तैयार करते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास सिंह सिकलीगर (19), कान्हा सिकलीगर (30), सूरज सिंह सिकलीगर (40), गुरुबदल सिंह सिकलीगर (22) और रोशन सिंह (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी सिगनूर गांव के निवासी बताए गए हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने नौ देशी पिस्टल, दो कट्टे तथा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और कच्चा माल जब्त किया, जिसकी कुल कीमत करीब 2.75 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार मौके से दो अधबने पिस्टल, 11 बैरल, ग्राइंडर मशीन, मैगजीन, पिस्टल और मैगजीन बनाने के सांचे, ब्लोअर भट्ठी उपकरण, पेचकस, हथौड़ी, प्लास, रेती, नट-बोल्ट समेत धातु कार्य में उपयोग होने वाले कई उपकरण भी बरामद किए गए।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गोगावां थाने में आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(ए) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक जांच में तीन आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
एक आरोपी टीम इंडिया की जर्सी पहने हुए था इसमें रोहित शर्मा का नाम और फेवरेट नंबर 45 लिखा हुआ था.
भीकनगांव एसडीओपी राकेश आर्य ने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। उनसे अवैध हथियारों की सप्लाई नेटवर्क और संभावित खरीदारों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।





