ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने छेड़का में कलेक्टर ने किया रात्रि विश्राम,मिलेट्स से बने पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद

79

 ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने छेड़का में कलेक्टर ने किया रात्रि विश्राम,मिलेट्स से बने पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद

नर्मदापुरम। शुक्रवार को कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने “प्रशासन आपके द्वारा” अभियान के अंतर्गत सोहागपुर के पर्यटक ग्राम छेड़का में रात्रि विश्राम किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री साइ कृष्णा एस थोटा, डीएफओ श्री गौरव शर्मा, जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने भी ग्राम छेड़का में ग्रामीण पर्यटन विकास को दृष्टिगत रखते हुए तैयार किए गए होम-स्टे में रात्रि विश्राम किया।

 

रात्रि विश्राम के दौरान अधिकारियों ने स्टार गेजिंग गतिविधि में सहभागिता करते हुए टेलीस्कोप के माध्यम से चंद्रमा एवं अन्य खगोलीय पिंडों का अवलोकन किया। इस अवसर पर प्रकृति एवं खगोल विज्ञान से संबंधित रोचक जानकारियों पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने सप्त ऋषि, शुक्र ग्रह जिसे ‘सुबह का तारा’ या ‘शाम का तारा’ कहा जाता है, सहित अन्य खगोलीय संरचनाओं को टेलीस्कोप के माध्यम से देखा। आसमान में दिखाई देने वाली खगोलीय घटनाओं एवं प्राकृतिक गतिविधियों को देखकर सभी अधिकारी रोमांचित हुए।

IMG 20260530 WA0152

💠 मिलेट्स से बने पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने सतपुड़ा ट्राइबल होम-स्टे में रात्रि विश्राम के दौरान मिलेट्स से बने पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लिया तथा होम-स्टे में पर्यटकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का स्वयं अनुभव किया। इस दौरान एसपी नर्मदापुरम, डीएफओ, जिला पंचायत सीईओ एवं अन्य उपस्थित अधिकारियों ने मिलेट्स से बनी रोटी, खीर एवं अन्य स्थानीय व्यंजनों का स्वाद चखा।

IMG 20260530 WA0154

कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा ने कहा कि होम-स्टे ग्रामीण पर्यटन को बढ़ावा देने की एक प्रभावी एवं व्यापक पहल है। इसके माध्यम से पर्यटकों को ग्रामीण जीवन शैली, प्राकृतिक सौंदर्य एवं स्थानीय संस्कृति का विशेष अनुभव प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल से स्थानीय रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे तथा ग्रामीण क्षेत्रों की सांस्कृतिक पहचान को नई पहचान मिलेगी।