
Khargone News: छेड़छाड़ की शिकायत के डर से रची अपहरण और यातना की कहानी, बीयर की बोतल से खुद किए 100 से ज्यादा घाव
खरगोन: मध्य प्रदेश के खरगोन जिले की करही पुलिस ने उस सनसनीखेज मामले का खुलासा कर दिया है जिसमें एक व्यक्ति ने आरोप लगाया था कि ससुराल पक्ष ने उसे बंधक बनाकर नग्न अवस्था में बेरहमी से पीटा और शरीर पर 100 से अधिक घाव कर दिए। पुलिस जांच में यह कहानी पूरी तरह झूठी निकली।
जांच में सामने आया कि व्यक्ति ने अपनी साली द्वारा छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराने की धमकी मिलने के बाद खुद को बीयर की टूटी बोतल से घायल कर लिया था।
करही थाना प्रभारी राजेंद्र इंगले ने शनिवार रात्रि बताया कि धार जिले के बाग थाना क्षेत्र के एक सोलर प्लांट में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत गोवर्धन जोगी ने 10 मई को जिला अस्पताल में भर्ती होने के दौरान पुलिस को बयान दिया था कि वह 8 मई को अपनी गर्भवती पत्नी और तीन वर्षीय बेटी को लेने ससुराल गया था। वहां ससुराल पक्ष ने उसे बंधक बना लिया, कपड़े उतरवाए और चाकू से उसके शरीर पर 100 से अधिक घाव कर दिए। उसने दावा किया था कि वह किसी तरह जान बचाकर मंडलेश्वर पहुंचा और फिर अस्पताल में भर्ती हुआ।
पुलिस ने मामले की विस्तृत जांच की। जांच में पता चला कि गोवर्धन जब पत्नी और बेटी को लेने ससुराल पहुंचा था, तब वह नशे में था। ससुराल पक्ष ने उसकी हालत देखते हुए गर्भवती पत्नी और बच्ची को उसके साथ भेजने से इनकार कर दिया। परिवार को आशंका थी कि नशे की स्थिति में उनके साथ कोई दुर्घटना हो सकती है।
पुलिस के अनुसार, बाद में गोवर्धन दोबारा शराब पीकर ससुराल पहुंचा और वहां पत्नी, सास तथा साली के साथ मारपीट की। इस दौरान उसकी साली ने उसे चेतावनी दी कि वह उसके खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत दर्ज कराएगी। इसी डर से उसने पूरी कहानी गढ़ी।
पूछताछ में गोवर्धन ने स्वीकार किया कि वह घर से निकलने के बाद रास्ते में बीयर की बोतल तोड़कर खुद को घायल करने लगा। उसने शरीर के कई हिस्सों पर 100 से अधिक घाव किए और फिर मंडलेश्वर पहुंचकर अपने भाई को बताया कि ससुराल पक्ष ने उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया है। उन्होंने बताया कि यदि वह शराब के नशे में नहीं होता तो इतने घाव नहीं कर सकता था.
इसके बाद उसके भाई ने उसे पहले कसरावद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। पुलिस ने बताया कि घटना से करीब छह दिन पहले भी गोवर्धन शराब के नशे में गिरकर घायल हुआ था।
हालांकि, गोवर्धन की पत्नी और साली की शिकायत पर उसके खिलाफ मारपीट का मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है। पुलिस अब झूठी सूचना देकर गुमराह करने के मामले में भी कानूनी कार्रवाई पर विचार कर रही है।





