बड़े तालाब किनारे अब सोमवार से होगा एक्शन, मामला अवैध अतिक्रमण का

49

बड़े तालाब किनारे अब सोमवार से होगा एक्शन, मामला अवैध अतिक्रमण का

भोपाल। कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देश पर बड़े तालाब किनारे अवैध अतिक्रमण और 50 मीटर के कैचमेंट के दायरे में आने वाले निर्माणों पर होने वाली कार्रवाई एक बार फिर टल गई है। अब यह कार्रवाई सोमवार से शुरू होने की बात कही जा रही है। शुरुआती पड़ताल में पुलिस बल नहीं मिल पाने के कारण यह कार्रवाई टली है। हालांकि, बड़े तालाब पर नगर निगम प्रशासन को जिम्मेदारी से कार्रवाई करनी है, क्योंकि कैंचमेंट में पक्के निर्माण की अनुमति बगैर इनका निर्माण कैसे हुआ। इस संबंध में नगर निगम प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को नोटिस भी दिए थे।

बताया जा रहा है कि हाल ही में कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शहर के अतिक्रमणों को लेकर एक बड़ी बैठक बुलाई थी। इसमें बड़ा तालाब किनारे अतिक्रमण और कब्जों को हटाने के लिए सभी संबंधित एसडीएम से विस्तृत चर्चा की गई। इसके बाद तय किया गया कि 30 मई से फिर बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू होगी। वहीं, नगर निगम ने नेशनल ग्रीन ट्रियूब्नल (एनजीटी) में पेश अपनी एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) में बताया है कि तालाब क्षेत्र के 21 अतिक्रमण 30 मई को हटाए जाएंगे। गौरतलब है कि एनजीटी ने निगम को कार्रवाई के लिए तीन सप्ताह की अंतिम मोहलत दी थी, जो 19 मई को समाप्त हो चुकी है। मामले की अगली सुनवाई 9 जुलाई को होना है। सुनवाई के दौरान निगम और प्रशासन को ट्रिब्यूनल में एटीआर पेश करनी है। इसके चलते अफसरों ने कार्रवाई की रिपोर्ट तैयार की है।