MP News: 350 नगरीय निकायों ने नहीं चुकाया 112 करोड़ का बिजली बिल

42

MP News: 350 नगरीय निकायों ने नहीं चुकाया 112 करोड़ का बिजली बिल

भोपाल: मध्यप्रदेश के साढ़े तीन सौ नगरीय निकायों ने बिजली बिल के 112 करोड़ 23 लाख रुपए नहीं चुकाए है। बिजली कंपनियों ने इन सभी निकायों को बिजली बिल चुकाने के लिए नोटिस थमाया है। अब नगरीय प्रशासन विभाग चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि से इन बिजली बिलों का समायोजन कर रहा है।

मध्यप्रदेश में मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल के अंतर्गत 111 नगरीय निकायों ने 42 करोड़ 44 लाख 1 हजार रुपए का बिजली बिल नहीं चुकाया है। वहीं मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी जबलपुर के अंतर्गत 121 निकायों ने 26 करोड़ 44 लाख रुपए का बिजली बिल नहीं चुकाया है। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी इंदौर के अंतर्गत आने वाले 108 नगरीय निकायों ने बिजली बिल के 43 करोड़ 3 लाख 92 हजार रुपए के बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे बड़े निकायों द्वारा भी हर माह बिजली का बिल समय पर नहीं चुकाया जा रहा है जिसके चलते बिजली कंपनी को वसूली के लिए नोटिस थमाना पड़ रहा है। तीनो बिजली कंपनियों के प्रबंध संचालकों ने जब निकायों और नगरीय विकास तथा आवास संचालनालयन को वसूली के लिए नोटिस थमाया तो अब कोषालय में जमा चुंगी क्षतिपूर्ति की राशि से इन बिजली बिलों को समायोजन करने की कवायद की जा रही है। नगरीय प्रशासन विभाग के संयुक्त संचालक वित्त ने तीनो बिजली कंपनियों के प्रबंध संचालकों को पत्र लिखकर कहा है कि चुगी क्षतिपूर्ति की राशि से मई माह के बकाया बिजली बिलों का भुगतान समायोजित किया जाए उन्होंने सभी 30 नगरीय निकायों के बकाया बिजली बिलों का भुगतान इस राशि से करने और निकायों और संचालनालय को सूचित करने को कहा है।

इंदौर नगर निगम पर सर्वाधिक 25 करोड़ बाकी, कई बड़े निकायों ने नहीं दिये करोड़ों के बिजली बिल-

इंदौर नगर निगम ने 25 करोड़ 22 लाख 46 हजार रुपए का बिजली बिल नहीं दिया है। भोपाल नगर निगम ने 15 करोड़ 86 लाख, ग्वालियर नगर निगम ने 10 करोड़ 12 लाख रुपए, जबलपुर नगर निगम ने 6 करोड़ 24 लाख रुपए 28 हजार ुपए के बिजली बिलों का भुगतान नहीं किया है। उज्जैन नगर निगम को 3 करोड़ 21 लाख, सतना को 2 करोड़ 3 लाख 99 हजार, सागर को 2 करोड़ 30 लाख 22 हजार, रीवा को 1 करोड़ 57 लाख 96 हजार, सिंगरौली को 1 करोड़ 47 लाख 95 हजार रुपए, रतलाम को 1 करोड़ 65 लाख , खंडवा को 1 करोड़ 3 लाख रुपए का बिजली बिल देना है गुना को एक करोड़ 21 लाख रुपए का बिजली बिल देना है।