दंत चिकित्सा महाविद्यालय, इंदौर की प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता का असामयिक निधन, उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जताया शोक

15

दंत चिकित्सा महाविद्यालय, इंदौर की प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता का असामयिक निधन, उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने जताया शोक

 

भोपाल। दंत चिकित्सा महाविद्यालय, इंदौर की प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता का असामयिक निधन हो गया है।

उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने शासकीय दंत चिकित्सा महाविद्यालय, इंदौर की प्राचार्य डॉ. अलका गुप्ता के असामयिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. अलका गुप्ता का निधन दंत चिकित्सा शिक्षा जगत एवं प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। अपने कार्यकाल में उन्होंने महाविद्यालय के विकास, आधारभूत संरचना के विस्तार, नवीन भवन निर्माण एवं शैक्षणिक सुविधाओं के उन्नयन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके नेतृत्व में महाविद्यालय में सीटों की संख्या 40-50 से बढ़ाकर 100 किए जाने जैसे ऐतिहासिक कार्य संपन्न हुए।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि डॉ. गुप्ता का शिक्षा एवं स्वास्थ्य क्षेत्र में योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों एवं सहयोगियों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।