
MCX कारोबारी आत्महत्या कांड: 5 फरार आरोपियों पर ₹1 लाख का इनाम घोषित..
DIG के आदेश पर कार्रवाई; प्रत्येक आरोपी पर ₹20 हजार का इनाम, सूचना देने वाले की पहचान रहेगी गोपनीय..
छतरपुर: छतरपुर के चर्चित एमसीएक्स कारोबारी राजेश अग्रवाल आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बड़ा कदम उठाया है। मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों पर कुल ₹1 लाख का इनाम घोषित किया गया है। प्रत्येक आरोपी की गिरफ्तारी या उनके संबंध में सटीक सूचना देने पर ₹20-20 हजार का पुरस्कार दिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा के प्रस्ताव अनुसार सागर रेंज के डीआईजी विजय कुमार खत्री ने इनाम घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्तरों पर प्रयास जारी हैं।
जिन आरोपियों पर इनाम घोषित किया गया है उनमें शरद अग्रवाल, सुरेश नगरिया, कल्लू कलई, अनवर खान और मुनू उर्फ दीपक अग्रवाल शामिल हैं। ये सभी आरोपी राजेश अग्रवाल आत्महत्या प्रकरण में नामजद हैं और घटना के बाद से फरार चल रहे हैं।

पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जनसहयोग भी मांगा है। अधिकारियों ने आमजन से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को आरोपियों के संबंध में कोई जानकारी मिलती है तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
आरोपियों की तलाश तेज करने के लिए पुलिस ने उनके पोस्टर और बैनर शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, बाजारों, बस स्टैंड, प्रमुख चौराहों और अन्य भीड़भाड़ वाले इलाकों में लगवाए हैं। इसके माध्यम से पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए आम लोगों की मदद लेने का प्रयास कर रही है।

गौरतलब है कि एमसीएक्स कारोबारी राजेश अग्रवाल की आत्महत्या के बाद यह मामला जिले में काफी चर्चाओं में रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर लगातार दबिश दी जा रही है। अब इनाम की घोषणा के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई और तेज होने की उम्मीद जताई जा रही है।





