MP News: किराए पर कार लेकर बेचने वाले गिरोह का सदस्य पकड़ाया, करोड़ों की गाड़ियों की तलाश में जुटी पुलिस

5

MP News: किराए पर कार लेकर बेचने वाले गिरोह का सदस्य पकड़ाया, करोड़ों की गाड़ियों की तलाश में जुटी पुलिस

भोपाल।:  राजधानी में एक बार फिर किराए पर कार लेकर उसे बेचने अथवा गिरवी रखने वाले गिरोह का खुलासा हुआ है। हालांकि, पुलिस ने अभी सिर्फ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कुछ गाड़ियां बरामद भी हुई हैं। इस गिरोह के अन्य सदस्यों और गाड़ियों को खोजने का काम जारी है। आरोपी से पूछताछ में सामने आया है कि गिरोह के सदस्यों ने एक-दो नहीं करीब 34 गाड़ियों को किराए पर लेकर बेचा अथवा गिरवी रखकर पैसे लिए हैं। अरेरा हिल्स थाना पुलिस इस मामले में पड़ताल कर रही है।

अरेरा हिल्स थाना पुलिस ने बताया कि पुरानी विधानसभा के सामने गाड़ियों का काम करने वाले गौरव कुशवाहा ने शिकायत दर्ज कराई थी कि 19 फरवरी को आरोपी शैलेंद्र जोशी ने उससे किराए पर गाड़ी चलाने के लिए ली थी। इसके बाद कुछ दिनों तक किराया भी दिया और उसके बाद वह अचानक गायब हो गया। कई दिन तक आरोपी शैलेंद्र न तो गाड़ी लौटाई और न ही किराए के पैसे दिए, तो अरेरा हिल्स थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी शैलेंद्र जोशी को गिरफ्तार किया और उससे कुछ कारें भी बरामद की।

जोशी के बयानों के बाद पुलिस की पड़ताल हुई तेज

आरोपी शैलेंद्र जोशी ने गिरफ्तार होने के बाद बताया कि यह काम वह अकेले नहीं करता था। पूरे संगठित गिरोह के माध्यम से वे कारें किराए यानी रेंट पर लेते थे। कुछ दिनों तक पैसे देने के बाद वे उन्हें दूसरी जगह बेच देते थे अथवा गिरवी रखकर पैसे लेकर फरार हो जाते थे। आरोपी ने स्वीकार किया है कि अपने साथियों के साथ करीब 34 से अधिक कारें, जिनकी कीमत लाखों में हैं। इस खुलासे के बाद पुलिस की कुछ टीमें अन्य आरोपियों और कारों की तलाश करने में जुटी है।