
Heart Attack: जिम में एक्सरसाइज करते ही अचानक गिरे SOG जवान गिरीश भट्ट, हुई मौत
चंपावत: उत्तराखंड के चंपावत से एसओजी जवान गिरीश भट्ट की मौत का मामला सामने आया है। गिरीश भट्ट जिम में एक्सरसाइज कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक नीचे गिर गए। जिम में मौजूद अन्य साथी उन्हें लेकर नजदीकी अस्पताल में पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मामला चंपावत के बनबसा की है। मृतक की पहचान 38 वर्षीय गिरीश भट्ट के रूप में हुई है। गिरीश भट्ट वर्ष 2006 में उत्तराखंड पुलिस में भर्ती हुए थे। घटना का वीडियो सामने आया है। सीसीटीवी में उनकी अचानक मौत की घटना रिकॉर्ड हुई है। हार्ट अटैक से मौत की बात कही जा रही है।
तीन साल से कर रहे थे जिम
गिरीश भट्ट के दोस्तों का कहना है कि वह तीन सालों से लगातार जिम में एक्साइज करने आते थे। शुक्रवार की शाम भी वह हर रोज की तरह जिम में एक्साइज कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। वह एक्सरसाइज मशीन से नीचे उतरे। इसके बाद वे फर्श पर गिर गए। आनन-फानन में उन्हें ऊधमसिंह नगर के खटीमा स्थित प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने अस्पताल में उन्हें मृत घोषित कर दिया।
38 वर्षीय गिरीश उत्तराखंड पुलिस के सर्विलांस ऑफिस टनकपुर में एसओजी में कार्यरत थे। वे अपनी फिटनेस को लेकर काफी गंभीर थे। इसी कारण उन्होंने तीन साल पहले जिम जॉइन किया था। वे नियमित तौर पर जिम में वर्कआउट करने जाते थे।





