
Talent Felicitation Ceremony : श्री सर्वब्राह्मण सभा का प्रतिभा अलंकरण समारोह ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व रूप से सम्पन्न!
शिक्षा, खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले 138 प्रतिभावान बच्चों का सम्मान!
Ratlam : श्री सर्वब्राह्मण सभा द्वारा आयोजित प्रतिभा अलंकरण समारोह सामाजिक एकता, प्रतिभा सम्मान एवं संगठन की शक्ति का अनुपम उदाहरण बनकर उभरा। समारोह के मुख्य अतिथि निमिष व्यास रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जीके शर्मा ने की तथा डॉ. मंगलेश्वरी जोशी ने प्रमुख वक्ता के रूप में अपने प्रेरणादायी विचार में कहा कि बच्चों को नशे से दूर रहना चाहिए। विशिष्ट अतिथियों के रूप में सनातन सोशल ग्रुप के अध्यक्ष अनिल पुरोहित, समाजसेवी प्रेमलता दवे, समाजसेवी अदिति दवेसर एवं एमआईसी सदस्य विशाल शर्मा उपस्थित रहे।
समारोह में शिक्षा, खेल एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट उपलब्धि प्राप्त करने वाले 138 प्रतिभावान बच्चों का सम्मान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। खेल क्षेत्र में विशेष उपलब्धि के लिए संजय वशिष्ठ, माही व्यास एवं संगीत में भुवी व्यास को सम्मानित किया गया।

वहीं संगठन एवं समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने पर जीके शर्मा, प्रभाकांत उपाध्याय, राजेश चाष्टा, सुरेश दवे, नवदीप शर्मा, पत्रकार राकेश शर्मा, कल्पना पुरोहित, राजेश डोरिया, राधा जोशी एवं प्रथमा कौशिक का भी सम्मान किया गया।
कार्यक्रम को सभा के अध्यक्ष नरेंद्र जोशी, कार्यकारी अध्यक्ष शैलेंद्र तिवारी, परामर्शदाता शांतिलाल शर्मा एवं महिला अध्यक्ष सुनीता पाठक ने संबोधित करते हुए समाज में शिक्षा, संस्कार, संगठन एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।

इस आयोजन की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि ब्राह्मण समाज की 48 से अधिक उपजातियों के प्रतिनिधियों ने एक मंच पर अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। बड़ी संख्या में समाजजन अपने पूरे परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल हुए, जिससे आयोजन सामाजिक समरसता, आत्मीयता और एकता का अनुपम उदाहरण बन गया।

उपस्थित जनसमूह ने इसे ब्राह्मण समाज की एकजुटता का ऐतिहासिक एवं अभूतपूर्व आयोजन बताया। श्री सर्वब्राह्मण सभा ने आयोजन को सफल बनाने में प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी वरिष्ठजनों, युवा साथियों, मातृशक्ति, विभिन्न समाजों के अध्यक्षों, सचिवों, पदाधिकारियों, अभिभावकों एवं समस्त समाजजनों के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की।

सभा ने विश्वास व्यक्त किया कि यदि ब्राह्मण समाज की यही एकता, सहभागिता एवं सकारात्मक सोच निरंतर बनी रही, तो भविष्य में भी समाजहित, शिक्षा, संस्कृति, युवा प्रोत्साहन एवं सामाजिक समरसता को समर्पित ऐसे अनेक सकारात्मक और प्रेरणादायी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यह आयोजन न केवल प्रतिभाओं के सम्मान का अवसर बना, बल्कि पूरे ब्राह्मण समाज की एकजुटता और सामूहिक शक्ति का प्रेरणादायी संदेश भी देकर गया, संचालन सभा के सचिव नरेंद्र त्रिवेदी ने किया तथा आभार ऊषा दुबे एवं नवदीप शर्मा ने माना!





