WhatsApp Image 2025 08 07 At 9.31.47 PM
Home पॉलिटिक्स

किसान कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर भ्रम, बैठक में घोषित होना बताया, बाद में अध्यक्ष बोले दिल्ली से घोषित होगी कार्यकारिणी

किसान कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर भ्रम, बैठक में घोषित होना बताया, बाद में अध्यक्ष बोले दिल्ली से घोषित होगी कार्यकारिणी

भोपाल. प्रदेश किसान कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी घोषित होने को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को आयोजित किसान कांग्रेस की बैठक और उसके बाद जारी पार्टी की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में दावा किया गया कि प्रदेश किसान कांग्रेस की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है। हालांकि प्रदेश किसान कांग्रेस के अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान ने कहा कि कार्यकारिणी अभी घोषित नहीं हुई है।

सोमवार को किसान कांग्रेस की बैठक किसान न्याय योद्धा तैयार करने के उद्देश्य से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय मेंआयोजित की गई थी। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी सहित कांग्रेस के कई नेताभी मौजूद थे। यहां पर मौजूद नेताओं को बताया गया कि किसान कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन हो चुका है।

कांग्रेस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में भी इसका स्पष्ट उल्लेख किया गया।

लेकिन जब इस संबंध में प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र चौहान से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कार्यकारिणी को दिल्ली से मंजूरी मिल चुकी है, इसकी औपचारिक घोषणा भी वहीं से की जाएगी। यानी कार्यकारिणी अभी सार्वजनिक रूप से जारी नहीं हुई है।

दरअसल, किसान कांग्रेस में नियुक्तियों को लेकर पहले भी असहमति सामने आ चुकी है। पिछले शुक्रवार को विभाग और प्रकोष्ठों के प्रदेश अध्यक्षों की बैठक में धर्मेंद्र चौहान ने प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी हरीश चौधरी को लेकर सार्वजनिक रूप से नाराजगी जताई थी। उन्होंने कहा था कि जेसीबी से स्वागत कराने से सरकार नहीं बनती। संगठन के भीतर यह चर्चा रही कि उनकी नाराजगी का कारण किसान कांग्रेस के जिला अध्यक्षों की सूची को लंबे समय से मंजूरी नहीं मिलना है। अब प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं होने से संगठन के भीतर चल रहे असंतोष और समन्वय की कमी एक बार फिर सामने आ गई है।