
Congress’s Public Outrage : कमरतोड़ महंगाई, नगर निगम में फैले भ्रष्टाचार, बुनियादी सुविधाओं के अभाव पर भड़कें कांग्रेसी, विशाल जनाक्रोश रैली!
Ratlam : BJP की कथित जनविरोधी नीतियों, कमरतोड़ महंगाई, नगर निगम में फैले कथित भ्रष्टाचार और ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं की किल्लत को लेकर सोमवार को रतलाम की सड़कों पर कांग्रेस ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए विरोध दर्ज कराया था। जिला एवं शहर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में निकाली गई ‘विशाल जनाक्रोश रैली’ में हजारों की संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान पोलो ग्राउंड के पास पुलिस और कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया और जिलाध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत समेत कई बड़े नेताओं को गिरफ्तार कर लिया था।

सरकार पर जमकर बिफरे कांग्रेसी!
रैली की शुरुआत से पहले सैलाना बस स्टैंड स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया था। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत ने कहा कि आज ग्रामीण क्षेत्रों में किसान खाद, बीज, बिजली और सिंचाई के लिए त्राहिमाम कर रहा है। पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के बढ़ते दामों ने आम नागरिक की कमर तोड़ रखीं है।

गरजें कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा!
शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा ने नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए आरोप लगाया कि सीवरेज, लाइसेंस और मूलभूत नागरिक सुविधाओं के नाम पर जनता को जनसुनवाई और सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने पर मजबूर किया जा रहा है।
बैलगाड़ियों और ट्रैक्टरों के साथ निकली रैली!
सुबह 11 बजे कृषि उपज मंडी से प्रारम्भ हुई इस रैली का नजारा बेहद आक्रामक था। रैली में सबसे आगे बैलगाड़ियां चल रही थीं, जिन पर महिला कांग्रेस की पदाधिकारी सरकार विरोधी तख्तियां लेकर बैठी थीं।
इसके पीछे ट्रैक्टर-ट्रॉलियों और पैदल चल रहें हजारों कार्यकर्ताओं का हुजूम था। रैली सैलाना बस स्टैंड से शुरू होकर शहर सराय, रानी जी का मंदिर, धानमंडी, डालूमोदी बाजार और कॉलेज रोड होते हुए पोलो ग्राउंड पहुंची। भीषण गर्मी के बावजूद रास्ते में जगह-जगह पर नागरिकों ने रैली पर पुष्पवर्षा की और कार्यकर्ताओं के लिए पानी के पाउच का इंतजाम किया था। जब रैली शहर-भर में घुमते हुए पोलो ग्राउंड क्षेत्र में पहुंची थी तब पोलो ग्राउंड के बाहर पुलिस प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए भारी बैरिकेडिंग कर रखी थी। जैसे ही रैली वहां पहुंची, आक्रोशित कांग्रेसियों और कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स लांघने और उन्हें तोड़ने की कोशिश की थी और पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की चलती रही थी स्थिति बिगड़ती देख प्रशासन और नगर निगम की टीम ने फायर ब्रिगेड की मदद से कार्यकर्ताओं पर पानी की तेज बौछारें करना शुरू कर दिया था। इसके बाद पुलिस ने स्थिति पर काबू पाते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री कांतिलाल भूरिया, जिलाध्यक्ष हर्ष विजय गहलोत, शहर अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा, पूर्व विधायक पारस सकलेचा, प्रदेश महिला कांग्रेस उपाध्यक्ष यासमीन शेरानी, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष मयंक जाट और महिला कांग्रेस अध्यक्ष कुसुम चाहर सहित कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया था!





