Raisen MP News: छोटी सी बात को लेकर दो समुदाय में विवाद, गोलियां चली, 1 की मौत, 50 घायल

गाड़ियों और दुकानों में लगाई आग

821

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से लगे रायसेन जिले के एक छोटे से गांव खमरिया पौड़ी में कल रात छोटी सी बात को लेकर दो समुदायों में विवाद पैदा हो गया जो बाद में खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया।

दोनों पक्ष आपस में भिड़ गए। हथियार चले और दोनों ओर से आगजनी की घटना होने लगी। दोनों समूह में आपस में गोली चलने की घटना की खबर भी है।

लोगों ने बाइक जला दी। मकान जलाने की कोशिश हुई। इस घटना में एक की मौत की सूचना आ रही है। कोई 50 लोग घायल हो गए।

घायलों में से 35 गंभीर घायलों को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूरे क्षेत्र में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव में 4 थानों की पुलिस पहुंच गई है और मामले को जैसे-तैसे शांत कराया गया है। इसी बीच मामले में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू करते हुए दंगाइयों के मकान तोड़ना शुरू कर दिए हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार रायसेन जिले के सिलवानी थाना क्षेत्र के ग्राम खमरिया पौड़ी में कल रात एक गली से निकलने की बात को लेकर यह विवाद शुरू हुआ था और जो बाद में खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों समुदाय के लोगों ने वाहनों और मकानों में आग लगा दी।

विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों पक्षों में गोलियां भी चलना शुरू हो गई। घटना की सूचना मिलते ही भोपाल से आईजी दीपिका सूरी, रायसेन से कलेक्टर अरविंद दुबे और एसपी विकास शाहवाल घटनास्थल पर पहुंचे और तत्काल कार्रवाई शुरू की।

गांव में चप्पे-चप्पे पर पुलिस की तैनाती कर दी गई है और उपद्रवियों को गिरफ्तार किया गया है। बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर रोक लगा दी है और इंटरनेट सेवा को पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।