अब BU कुलगुरु और रजिस्ट्रार में घमासान: नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर लोकभवन जाएगा मामला, कर्मचारी कर रहे इस्तीफे की मांग

28

अब BU कुलगुरु और रजिस्ट्रार में घमासान: नोटिस का जवाब संतोषजनक नहीं होने पर लोकभवन जाएगा मामला, कर्मचारी कर रहे इस्तीफे की मांग

भोपाल: बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरु सुरेश कुमार जैन ने कर्मचारी संघ को अमान्य होने के बाद बीयू में गतिविधियां संचालित करने की शिकायत सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई है। जबकि संघ ने स्पष्ट तौर पर कहाकि वह पंजीकृत संघ है। इससे कुलगुरु जैन और कर्मचारियों की जंग शुरु हो गई है। इससे कर्मचारियों ने नैतिकता के आधार पर कुलगुरु जैन से इस्तीफे देने की मांग की है।

कर्मचारियों के बाद अब कुलगुरु जैन ने रजिस्ट्रार प्रो समर सिंह बहादुर पर अगला बार किया है। इससे बीयू में प्रशासनिक और वित्तीय कार्यप्रणाली पर विवाद बढ गया है। कुलगुरु प्रो. जैन ने रजिस्ट्रार सिंह को नोटिस देते हुए कई वित्तीय गड़बडियों के आरोप लगाए हैं। उन्हें नियमों के विपरीत बिना परीक्षण और उचित प्रक्रिया अपनाए वित्तीय स्वीकृतियां दी गईं, जिससे बीयू की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगना शुरु हो गए हैं।

कुलगुरु जैन द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट किया गया है कि यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो पूरे मामले की जानकारी उच्च शिक्षा विभाग और लोकभवन को भेजी जाएगी।

नोटिस के तीन आधार

– कुलगुरु प्रो जैन द्वारा जारी किया गया नोटिस तीन बिदुओं पर आधारित है। इसमें करीब 30 लाख रुपए की उत्तरपुस्तिका खरीद को लेकर आपत्ति जताई गई है। इसमें 10 लाख रुपए से अधिक के प्रकरण को कार्यपरिषद के समक्ष रखना जरुरी होता है, जो रजिस्ट्रार सिंह ने नहीं किया है।

– सेवानिवृत्त प्रो डॉ. अनिल प्रकाश की लगभग 20 लाख रुपए की ग्रेच्युटी बिना परीक्षण स्वीकृत करने का आरोप लगाया गया है। कुलगुरु जैन ने इसे वित्तीय नियमों के विरुद्ध बताते हुए कहा कि यदि भुगतान हुआ है, तो इसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारी की होगी।

– भविष्य निधि खाते से एक कर्मचारी को अग्रिम राशि देने संबंधी फाइल पर भी आपत्ति दर्ज की गई है। कुलगुरु प्रो जैन ने नोटिस में कहा कि बिना तथ्यों के परीक्षण फाइल पुन: स्वीकृति के लिए भेजी गई।