मीडियावाला के सलाहकार प्रकाश हिन्दुस्तानी को माधव राव सप्रे पुरस्कार

1078

भोपाल । माधव राव सप्रे
स्मृति समाचार पत्र संग्रहालय एवं शोध संस्थान द्वारा दिया जाने वाला माधवराव सप्रे पुरस्कार मीडियावाला परिवार के प्रकाश हिन्दुस्तानी को प्रदान करने की घोषणा हुई है। यह पुरस्कार वर्ष 2020 के लिए दिया जा रहा है। कोरोना के कारण गत वर्ष इस कार्यक्रम का आयोजन नहीं हो पाया था। इसलिए अब यह आयोजन 2 अक्टूबर, गांधी जयंती के दिन सप्रे संग्रहालय में किया जा रहा है।

प्रकाश हिन्दुस्तानी को मीडिया में 35 साल से भी अधिक वर्ष कार्य करने का अनुभव है और उन्होंने प्रिंट, टेलीविजन और इंटरनेट मीडिया में महत्वपूर्ण कार्य किया है।

इस अवसर पर प्रोफेसर गिरीश्वर मिश्र को महात्मा गांधी सम्मान भी दिया जाएगा। गिरीश्वर मिश्र वरेण्य शिक्षाविद और लेखक हैं।

महेश गुप्ता सृजन सम्मान माया विश्वकर्मा, हरिदत्त शिक्षा सम्मान प्रोफेसर शैलेंद्र कुमार शर्मा तथा कमलेश सिजारिया पुरस्कार पत्रकार मनीष गुप्ता को दिया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सच्चिदानंद जोशी होंगे जो इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र के सचिव हैं।

यह जानकारी माधवराव सप्रे संग्रहालय के संस्थापक-संयोजक विजय दत्त श्रीधर, उपाध्यक्ष चंद्रकांत नायडू और अध्यक्ष शिव कुमार अवस्थी ने दी है।