Police Loose, Crime Increased : मतदान के बाद पुलिस की ढील होते ही लूट, मारपीट और छेड़छाड़!

पुलिस की सख्ती से पूरे चुनाव के दौरान कहीं कोई बड़ी घटना नहीं

550

Indore : शहर में नगर निकाय चुनाव के चलते पुलिस ने सख्त थी। गुंडे-बदमाशों पर लगातार कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस की सख्ती और सतर्कता का परिणाम रहा कि मतदान के दौरान केवल हीरानगर थाना क्षेत्र को छोड़कर कहीं पर भी बड़ा विवाद नहीं हुआ। लेकिन, मतदान निपटने के बाद जगह-जगह पर गुंडों और नशेड़ियों ने उत्पात मचाया।

बदमाशों ने जहां दो युवकों को लूट लिया, वहीं दंपति के साथ मारपीट की। हीरानगर थाना क्षेत्र के गौरी नगर में कल रात एक युवक पर बदमाशों ने हमला कर दिया और उसकी जेब में रखे रुपए व बाइक छीनकर भाग निकले। घायल हर्ष पाटिल निवासी नादिया नगर है, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है।

परिजनों ने बताया कि कल रात को उसका फोन आया था। उसने बताया कि वह घर लौट रहा था। आमवाला चौराहे के पास उसे बदमाशों ने रोका और मारपीट कर जेब में रखे हुए रुपए और बाइक छीन ली।

मारपीट के दौरान मोबाइल दूसरी और गिरने से बदमाशों का उस पर ध्यान नहीं गया। हर्ष सांवेर रोड पर एक फैक्टरी में काम करता है और वहां से वापस लौट रहा था। इसी दौरान यह वारदात हो गई।

चाकू मारकर लूट लिया

लूट की एक अन्य वारदात तेजाजी नगर थाना क्षेत्र में हुई। जानकारी के अनुसार घायल भानू निवासी अजय बाग कॉलोनी का अभी एमवाय अस्पताल में इलाज चल रहा है।

उसके परिजनों ने बताया कि वह डांसर है। कल रात को उसे कुछ लोग बहाने से अपने साथ ले गए। वहां पर उसे नशा कराया और फिर चाकू मारकर मोबाइल और रुपए लूट लिए।

वह घायल हालत में सड़क पर पड़ा हुआ था। उसे 108 एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। अभी उसे होश में नहीं आया है।

रात में लूट की वारदात

एक घटना वृंदावन कॉलोनी की है। यहां रात में नगर निगम में काम करने वाले नितिन चिंतामण एक कार्यक्रम में शामिल होने रघुवंशी धर्मशाला गए थे। यहां अमन चिकना और उसके साथियों ने नितिन पर हमला करके लूट की वारदात को अंजाम दिया। इसके पहले आरोपियों ने अंकित जायसवाल को चाकू मारकर उससे सोने की चेन लूट ली थी। वहीं इलाके से एक्टिवा पर जा रहे सोनू और उसकी पत्नी पर भी हमला करने की कोशिश की।

सूचना के बाद यहां बाणगंगा थाने की पुलिस पहुंची थी। जवानों ने घायलों से बात कर उन्हें मेडिकल के बाद थाने में केस दर्ज कराने की बात कही। पुलिस के मुताबिक बदमाश सीसीटीवी कैमरों में भी लूट और चाकूबाजी की वारदात करते दिखे हैं। बताया जाता कि है शराब पीने के बाद वह सड़कों पर निकले थे। कुछ बदमाशों की पहचान कर ली गई।

पत्नी से छेड़छाड़, पति से मारपीट

भंवरकुआं थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक और उसके साथी को चाकू मारकर घायल कर दिया। आरोपी ने पहले घायल की पत्नी के साथ छेड़खानी की। इसके बाद आरोपी को समझाने के लिए गए तो पहले पति को पीटा और फिर घर आकर दोबारा चाकूबाजी कर दी। अजय उर्फ अज्जू राजपूत, विक्की पेंटर, कालू यादव के खिलाफ केस दर्ज किया है।

युवक ने पुलिस को बताया कि पत्नी काम से घर वापस आ रही थी। घर के पास रास्ते में अजय मिला औऱ उसका हाथ पकड़ने लगा, वह पीछे हट गई और वहां से वापस आ गई। उसने इस बारे में बताया तो आरोपी को समझाने के लिए गया था। वहां पर आरोपी ने विवाद शुरू कर दिया। उस पर चाकू से वार कर दिया। उसके हाथ में चोट आई है। वह अपने घर आया तो आरोपी साथियों के साथ में घर पर आ गए। घर का जबर्दस्ती दरवाजा तोड़कर अन्दर घुस आए।

इसके बाद आरोपियों ने उसके व पत्नी के साथ मारपीट कर दी। वह मदद के लिए चिल्लाया तो रवि और राहुल बीच बचाव के लिए आए। आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट कर दी। उन पर सरिए से हमला कर दिया। राहुल पर भी आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया। उसके कान पर चोट आई है। इसके बाद आरोपी उन्हें धमकाते हुए वहां से भाग गए।