Kanwariyas accident : सड़क हादसे में MP के 7 कांवड़ यात्रियों की मौत, एक गंभीर

1256

Hathras : उत्तर प्रदेश में सड़क दुर्घटना में ग्वालियर के 7 कांवड़ यात्रियों की मौत हो गई। यह दुर्घटना हाथरस-सादाबाद रोड पर हुई। शुक्रवार रात करीब सवा दो बजे एक तेज रफ्तार डंपर ने हरिद्वार से कांवड़ लेकर ग्वालियर आ रहे 7 कांवड़ियों को कुचल दिया। इनमें से 6 कांंवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि, एक ने अस्पताल में दम तोड़ा। एक कांवड़ यात्री घायल है।

घटना के बाद एक कांवड़िये ने बताया कि हम ढाबे पर खाना खा रहे थे। तभी एक ट्रक चालक ने हमारे ऊपर ट्रक चढ़ा दिया। यह लोग वापस ग्वालियर लौट रहे थे। इस घटना की जानकारी हाथरस में आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने दी। उन्होंने बताया कि कांवडियों का एक जत्था हरिद्वार से वापस ग्वालियर जा रहा था। इस दौरान यह हादसा आगरा-अलीगढ़ हाईवे पर हुआ। घायलों में एक की स्थिति नाजुक है। मामले में कार्रवाई की जा रही है। वाहन के बारे में जानकारी मिल गई है, बहुत जल्द आरोपी पकड़ा जाएगा।

कांवड़ यात्रा के सात दिन बीत चुके हैं. दो सालों बाद हो रही कांवड़ यात्रा में भारी संख्या में भक्तों का तांता लग रहा है। कांवड़ यात्रा को लेकर इस बार सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। कई जिलों में कांवड़ियों की भारी तादाद को देखते हुए प्रशासन ने कई कदम उठाएं हैं। जगह-जगह स्वास्थ्य शिविर भी लगाए गए हैं।

हरिद्वार में 2 कांवड़ यात्री मारे गए

हरिद्वार में बीती देर रात हाईवे पर हुए एक्सीडेंट में दो कांवड़ियों की मौत हो गई है। घटना थाना कनखल क्षेत्र के हाईवे पर हुई जहां पर कांवड़ियों की दो स्कूटी आपस में भिड़ जाने के चलते 2 कांवड़ियों की मौत हो गई। जबकि, 3 कांवड़िए घायल हैं। गंभीर रूप से घायल एक कांवड़िए को हायर सेंटर रेफर किया गया है। मृतक कांवड़ियों की पहचान राहुल पुत्र सुरेश, कपिल विहार पेपर मिल रोड सहारनपुर और श्याम ठाकुर निवासी मेरठ रोड सिहानी गेट गाजियाबाद के रूप में हुई है। रात में ही पोस्टमार्टम करके दोनों कांवड़ियों के शव परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं।