Taliban leader killed : काबुल में तालिबानी नेता शेख रहीमुल्ला हक्कानी की बम धमाके में मौत!

744

Taliban leader killed : काबुल में तालिबानी नेता शेख रहीमुल्ला हक्कानी की बम धमाके में मौत!

 

Kabul : धार्मिक मौलवी शेख रहीमुल्ला हक्कानी की हत्या कर दी गई। इस घटना की जानकारी इस्लामिक अमीरात के प्रवक्ता बिलाल करीमी ने दी। बताया जा रहा है कि हक्कानी की आज काबुल में उनके मदरसा में विस्फोट के दौरान मौत हो गई।

इस संबंध में बिलाल करीमी के ट्विटर हैंडल से जानकारी देते हुए कहा गया कि अत्यंत दु:ख के साथ यह समाचार प्राप्त हुआ कि देश के महान व्यक्तित्व एवं शिक्षाविद शेख साहिब रहीमुल्ला हक्कानी निर्दयी शत्रु के नृशंस हमले में शहीद हो गए हैं। अब तक मिली जानकारी के मुताबिक आत्मघाती हमला उस समय किया गया जब हक्कानी काबुल में मदरसे में हदीस पढ़ा रहे थे।

रहीमुल्ला हक्कानी पर यह तीसरा हमला था। इससे पहले दो बार उन पर जानलेवा हमले हो चुके थे। साल 2013 में पेशावर में हक्कानी पर हमला हुआ था। इसके बाद 2020 में भी हीमुल्ला हक्कानी पर जानलेवा हमला हुआ था जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। शेख रहीमुल्लाह हक्कानी पाकिस्तान सीमा के पास नंगरहार प्रांत के पचिर अव अगम जिले का रहने वाला थे। रहीमुल्लाह हक्कानी पाकिस्तान और अफगानिस्तान में कई मदरसे चलाते थे। कुछ साल पहले ही हक्कानी ने काबुल में मदरसा जुबेरी की स्थापना की थी जिसमें वह मुस्लिम बच्चों को हदीस की शिक्षा देते थे।

हक्कानी को निशाना बनाकर आत्मघाती हमला किया गया था। हमला करने वाले का एक पैर कटा हुआ था। हमलावर ने प्लास्टिक के कृत्रिम पैर में ही विस्फोटक छुपा रखा था जिसकी मदद से हमले को अंजाम दिया गया। अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। रहीमुल्लाह हक्कानी को मारने के पीछे क्या उद्देश्य था इसका भी अभी तक पता नहीं लगाया जा सका है। तालिबान इस मामले को लेकर गंभीर है और घटना की जांच की जा रही है।