Death in Police Custody : पुलिस हिरासत में एक की मौत के बाद बवाल, पांच निलंबित

मानपुर थाना घेरा, राजमार्ग पर जाम लगाया, अतिरिक्त बल तैनात

788

Indore : मानपुर पुलिस की हिरासत में लूट के आरोपी की मौत हो गई है। शुक्रवार रात को आरोपी अर्जुन सिंगारे को उसके साथियों के साथ पकड़ा गया था। शनिवार सुबह जैसे ही मृतक के परिजनों को जानकारी मिली, वे थाने पहुंचे और थोड़ी ही देर में बड़ी संख्या में ग्रामीण भी यहां जमा हो गए। देखते ही देखते मानपुर थाने के बाहर जमा भीड़ ने हंगामा मचा दिया। उपद्रव की आशंका के चलते ऐहतियातन मानपुर में अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है।
आरोपी को डकैती की योजना बनाते हुए साथियों सहित गिरफ्तार किया गया था। बताया जाता है कि कल रात में उसकी तबियत बिगड़ी उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका। बदमाश पर मानपुर, धामनोद सहित कई जगह केस दर्ज थे। मौत के बाद एसपी ने न्यायिक जांच की सिफारिश कर दी है। मानपुर पुलिस ने लूट की साजिश के मामले में गिट्टी फोड़ा के रहने वाले बदमाश अर्जुन सिंगारे (19) को पकड़ा था।

पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई। उसे लेकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि कर दी। हालांकि, मामले में पुलिस पर मारपीट के आरोप भी लग रहे हैं। पुलिस कस्टडी में अर्जुन की मौत के बाद परिवार के लोग थाने पहुंच गए हैं और पुलिस पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप लगा रहे हैं। जिससे उसकी मौत हो गई। अर्जुन की बहनें थाना परिसर में फूट-फूटकर रो रही हैं। गुस्साए परिजनों ने मानपुर थाने के सामने ही मुंबई-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम करने की कोशिश की। यहां परिजनों के साथ ‘जयस’ संगठन के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में मौजूद है। परिजनों का कहना है कि हमें मुआवजा दिया जाए और सरकारी नौकरी भी दी जाए। चक्काजाम के दौरान नेशनल हाईवे पर गाड़ियां भी डाइवर्ट की गई है।

पांच पुलिसवालों पर गाज गिरी
ग्रामीण एसपी भगवत सिंह विरदे ने बताया मामले में 5 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया है। इनमें एसआई कमल उईके, एएसआई दिनेश वर्मा, एएसआई निर्भय सिंह सहित दो आरक्षकों को निलंबित करने की कार्रवाई की गई है। प्रथम दृष्टि में इन्हें दोषी पाया गया है। इस मामले की ज्यूडिशियल जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा। उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

कई अपराधों में लिप्त था अर्जुन
मानपुर पुलिस ने लूट की साजिश में अर्जुन के साथ 5 युवकों को भी पकड़ा था। पुलिस हथियार जब्त करने के लिए उसे लेकर गए थे। इस दौरान अर्जुन के पास से 8 लाख रुपए की बाइक जब्त हुई थी, जो चोरी की बताई जा रही है। अर्जुन गंभीर अपराधों में लिप्त था और कई बड़ी वारदात कर चुका था। गुरुवार को ही पुलिस ने अर्जुन और उसके साथियों को लूट की वारदात को अंजाम देने की योजना बनाते हुए गिरफ्तार किया था, पर वह मौके से फरार हो गया था। पुलिस टीम ने उसे शुक्रवार रात को घर से गिरफ्तार किया।

छह बदमाशों को पकड़ा
पुलिस ने बताया कि पकड़ाए आरोपियों में गोपाल निवासी संतोषी माता टेकरी मानपुर, सतीश निवासी आशापुरी रोड मानपुर, लक्की निवासी आशापुरी रोड मानपुर, अर्जुन निवासी गवलीपुरा मानपुर, अर्जुन पिता देवकरण सिंगारे गवलीपुरा और लक्की पिता मोहन पटेल निवासी गवलीपुरा शामिल हैं। ये सभी बदमाश शेरपुर-लेबड रोड यात्री प्रतिक्षालय के पीछे बैठकर डकैती डालने की योजना बना रहे थे। सूचना मिलने पर पुलिस ने घेराबंदी करके सभी पकड़ा। इनकी तलाशी में देशी कट्टा 12 बोर मय 2 जिंदा कारतूस, एक अवैध धारदार चाकू, एक दरातेनुमा लोहे का फालिया, लोहे का सरिया एवं घटना स्थल से मोटर सायकल बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे डकैती डालने की योजना बनाने के लिए यहां पर एकत्रित हुए थे। बताया जाता है कि सभी आरोपियों का पुराना अपराधिक रिकार्ड भी है।

मोटर साइकिलें बरामद
पकड़ाए गए बदमाशों के पास पुलिस ने एक दर्जन से ज्यादा चोरी की मोटर साइकिलें बरामद की हैं। ये बदमाश सुनसान रास्ते से जा रहे राहगिरों को चाकू अड़ाकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। दो माह पूर्व रोशन अहिरवार के साथ भी बदमाशों ने 80 हजार की लूट को अंजाम दिया था। रोशन प्राइनेंस कंपनी में रिकवरी का काम करता है। घटना वाले दिन वह करीब 80 हजार की रिकवरी करके घर लौट रहा था तभी बदमाशों ने जाना पाव पर रोक चाकू अड़ाया और लूट की वारदात को अंजाम दिया।