
मंदसौर के सांसद श्री सुधीर गुप्ता महत्वपूर्ण कॉर्पोरेट लॉ ज्वॉइंट पार्लियामेंट कमेटी में शामिल
जन्मदिन पर मिली खुश खबर
मंदसौर से डॉ घनश्याम बटवाल की रिपोर्ट
मंदसौर। मंदसौर नीमच जावरा संसदीय क्षेत्र के सांसद श्री सुधीर गुप्ता को संसद की अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रतिष्ठित “Joint Committee on the Corporate Laws (Amendment) Bill, 2026” (कॉर्पोरेट कानून (संशोधन) विधेयक, 2026 पर संयुक्त समिति) का सदस्य मनोनीत किया गया है।

लोकसभा बुलेटिन में 19 मई को ज़ारी परिपत्र अनुसार कार्पोरेट कानून संशोधन संयुक्त पार्लियामेंट कमेटी में देश भर से 24 सांसदों को शामिल किया गया है जिसमें 21 लोकसभा और 3 राज्यसभा सांसद लिए गए हैं।
इस महत्वपूर्ण ज्वॉइंट पार्लियामेंट कमेटी में मंदसौर के श्री सुधीर गुप्ता के साथ कमलजीत सेहरावत मुकेश कुमार चंद्रकांत दलाल, डॉ निशिकांत दुबे विजयंत पंडा तेजस्वी सूर्या दयानिधि मारन श्रीमती डिंपल यादव सुप्रिया सुले महुआ मोइत्रा आदि शामिल हैं और राज्यसभा से सांसद विनोद श्रीधर तावड़े सुजीत कुमार एवं उज्जवल देवराव निकम को लिया गया है।
लोक सभा और राज्य सभा के चुनिंदा और अनुभवी सांसदों को मिलाकर बनाई गई यह संयुक्त समिति (Joint Committee) का मुख्य कार्य देश के व्यापारिक जगत, कॉर्पोरेट गवर्नेंस, पारदर्शिता और आर्थिक सुधारों से जुड़े कानून की बारीकी से समीक्षा करना, उसमें सुधार के सुझाव देना और देश की आर्थिक नीतियों को मजबूत बनाना है।
मंदसौर के लोकसभा सांसद सुधीर गुप्ता का इस उच्च स्तरीय समिति में शामिल होना उनके लंबे संसदीय अनुभव, कुशलता और आर्थिक विषयों पर उनकी गहरी पकड़ का प्रमाण है।
निश्चित रूप से श्री गुप्ता के अनुभव का लाभ देश की कॉर्पोरेट नीतियों और व्यापारिक विनिर्माण को मजबूत करने में मिलेगा।
आपके इस मनोनयन पर क्षेत्र वासी अत्यंत गौरवान्वित हैं। यह सुखद संयोग है कि 19 मई को कमेटी सूचना जारी हुई और सांसद श्री सुधीर गुप्ता का जन्मदिन भी 19 को ही मनाया गया इस मौके पर राष्ट्रीय मंच पर मिली उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी गई है।





