अभिनय सरस्वती के नाम से मशहूर अभिनेत्री बी सरोजा देवी का निधन

487

अभिनय सरस्वती के नाम से मशहूर अभिनेत्री बी सरोजा देवी का निधन

 

बेंगलुरु। दक्षिण भारतीय सिनेमा की दिग्गज और ‘अभिनय सरस्वती’ के नाम से प्रसिद्ध अभिनेत्री बी. सरोजा देवी का सोमवार को बेंगलुरु स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वे 87 वर्ष की थीं और उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रही थीं। सरोजा देवी का जन्म 7 जनवरी, 1938 को हुआ था। अपने छह दशकों से अधिक के फिल्मी करियर में उन्होंने कन्नड़, तमिल, तेलुगु, हिंदी और सिंहली भाषाओं में लगभग 200 फिल्मों में अभिनय किया। उनका निधन भारतीय सिनेमा के एक युग का अंत है।

IMG 20250714 WA0250

*फिल्मी सफर और उपलब्धियां*  

सरोजा देवी ने कन्नड़ फिल्म ‘महाकवि कालिदास’ से अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने कित्तूर चेन्नम्मा, अन्ना थम्मा, भक्त कनकदास, बाले बंगारा, नागकिन्नके, बेट्टादा हूवु और कस्तूरी निवास जैसी कन्नड़ फिल्मों में अमिट छाप छोड़ी। तमिल सिनेमा में नादोदी मन्नन, कर्पूरा करासी, पांडुरंगा महात्यम और थिरुमानम जैसी सुपरहिट फिल्मों से वे पूरे दक्षिण भारत में मशहूर हो गईं।

1959 में उन्होंने बॉलीवुड में ‘पैगाम’ से डेब्यू किया, जिसमें वे दिलीप कुमार के साथ नजर आईं। इसके बाद ‘ससुराल’, ‘प्यार किया तो डरना क्या’ और ‘बेटी बेटे’ जैसी हिंदी फिल्मों में भी उन्होंने यादगार अभिनय किया।

IMG 20250714 WA0249

*सम्मान और पुरस्कार*  

भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान के लिए उन्हें 1969 में पद्मश्री और 1992 में पद्मभूषण से सम्मानित किया गया। इसके अलावा, बैंगलोर विश्वविद्यालय ने उन्हें डॉक्टरेट की मानद उपाधि और तमिलनाडु सरकार ने कलैमामणि पुरस्कार से नवाजा।

IMG 20250714 WA0251

*शोक संदेश*  

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा- “प्रख्यात फिल्मी हस्ती बी. सरोजा देवी के निधन से दुख हुआ। उन्हें भारतीय सिनेमा और संस्कृति की एक अनुकरणीय प्रतिमूर्ति के रूप में याद किया जाएगा। उनके विविध अभिनय ने पीढ़ियों तक अमिट छाप छोड़ी। विभिन्न भाषाओं और विविध विषयों पर उनकी कृतियां उनकी बहुमुखी प्रतिभा को उजागर करती हैं। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं।”

कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा-“जानी मानी कन्नड़ अभिनेत्री बी. सरोजा देवी के निधन की खबर बेहद दुखदायी है। उन्होंने तमिल, तेलुगु, हिंदी और कन्नड़ भाषाओं की 200 से अधिक फिल्मों में अभिनय किया और उन्हें अभिनय सरस्वती के नाम से जाना जाता है।”

अभिनेता रजनीकांत ने ट्वीट किया- “महान अभिनेत्री सरोजा देवी, जिन्होंने लाखों प्रशंसकों का दिल जीता, अब हमारे बीच नहीं रहीं। उनकी आत्मा को शांति मिले।”

कमल हासन ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा- “सरोजा देवी मेरे लिए एक और मां थीं। एक कलाकार जो भाषा और क्षेत्र की सीमाओं से परे जीती थीं। उनका निधन हो गया है। मेरी दूसरी फिल्म पार्थल पासी थीरुम की शूटिंग के पलों से लेकर अनगिनत अविस्मरणीय यादें मेरे दिल में गूंज रही हैं। मेरी आंखें भर आती हैं।”