Administrative Reshuffle is in offing: MP में आजकल में आ सकती है IAS अधिकारियों की तबादला सूची , 20 कलेक्टर होंगे इधर-उधर 

80
IAS Transfer

Administrative Reshuffle is in offing: MP में आजकल में आ सकती है IAS अधिकारियों की तबादला सूची , 20 कलेक्टर होंगे इधर-उधर 

भोपाल: Administrative Reshuffle in MP: मध्य प्रदेश में ईद के बाद कभी भी IAS अधिकारियों की तबादला सूची आ सकती है। प्रशासनिक गलियारों में चल रही चर्चाओं के अनुसार इस सूची में कोई 20 कलेक्टर प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा मंत्रालय स्तर पर कुछ अधिकारियों के विभागों में फेरबदल के साथ ही तीन कमिश्नरों के तबादले की भी चर्चा है।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव और मुख्य सचिव अनुराग जैन के बीच इस संबंध में फाइनल चर्चा हो चुकी है और अब कभी भी तबादला सूची आ सकती है। पता चला है कि मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई भी इस चर्चा के दौरान मौजूद रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार इस सूची में 20 कलेक्टर के नाम बताए जा रहे हैं। इनमें से कुछ को दूसरे जिलों में पदस्थ किया जा सकता है और कुछ मंत्रालय में पदस्थ किए जाएंगे। कुछ वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण निगमों का एम डी बनाया जा सकता है।

चर्चाओं के अनुसार कुछ जिला कलेक्टर के बदलाव तो निश्चित ही हैं और उसके कारण भी अलग हैं – जैसे 2010 बैच के IAS अधिकारी भोपाल के कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह अब सुपर टाइम स्केल में आ चुके हैं और उनका तबादला तय है। इसके साथ-साथ बड़ी चर्चा है कि इंदौर के कलेक्टर का भी तबादला हो सकता है। इसके कई कारण बताएं जा रहे हैं। धार के कलेक्टर प्रियंक मिश्रा का तबादला तो लगभग तय माना जा रहा है। सरकार उन्हें धार भोजशाला जैसे संवेदनशील मुद्दे को लेकर किए गए बेहतर कार्य के लिए अच्छी पोस्टिंग भी देना चाहती है। सूत्र बताते हैं कि मंडला के कलेक्टर सोमेश मिश्रा भोपाल या इंदौर के कलेक्टर बन सकते हैं। ग्वालियर की कलेक्टर रुचिका चौहान और रीवा की कलेक्टर प्रतिभा पाल का तबादला भी तय माना जा रहा है। इन दोनों महिला अधिकारियों को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी देने की चर्चा है।

इसके अलावा बैतूल कलेक्टर नरेंद्र सूर्यवंशी, नर्मदापुरम की कलेक्टर सोनिया मीणा, शिवपुरी कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, शहडोल कलेक्टर केदार सिंह,उमरिया कलेक्टर धरणेंद्र कुमार जैन, झाबुआ कलेक्टर नेहा मीना,मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग, सीधी कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी, दमोह के कलेक्टर सुधीर कोचर और मैहर कलेक्टर रानी बाथड का नाम भी तबादला सूची में दिखाई दे सकता है।