Advice to Have More Children : आंध्र के CM की ज्यादा बच्चे पैदा करने की सलाह, बुजुर्गों की बढ़ती संख्या चिंताजनक!

प्रदेश सरकार पॉपुलेशन मैनेजमेंट की योजना बना रही!

46

Advice to Have More Children : आंध्र के CM की ज्यादा बच्चे पैदा करने की सलाह, बुजुर्गों की बढ़ती संख्या चिंताजनक!

Hyderabad : गिरती आबादी से आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू चिंतित हैं। उन्होंने राज्य के लोगों को अधिक बच्चे पैदा करने की सलाह दी है। नायडू ने प्रदेश में उम्रदराज लोगों की बढ़ती आबादी को देखते हुए यह सलाह दी। उन्होंने शनिवार को कहा कि प्रदेश सरकार पॉपुलेशन मैनेजमेंट की योजना बना रही है। इसके तहत विधेयक लाने के बारे में भी सोचा जा रहा है, जिसमें अधिक बच्चे वाले परिवारों को प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। सिर्फ इतना ही नहीं, एक ऐसा कानून बनाने पर भी विचार चल रहा है, जिसके तहत सिर्फ वही लोग स्थानीय निकाय चुनाव लड़ पाएंगे, जिनके दो से अधिक बच्चे होंगे।

चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पहले हमने ऐसा कानून बनाया था, जिसमें अधिक बच्चे वाले लोग चुनाव नहीं लड़ सकते थे। लेकिन, अब हमने उस कानून को खत्म कर दिया है और इसे रिवर्स करने की सोच रहे हैं। अधिक बच्चों वाले परिवारों को सरकार अधिक सुविधाएं देने के बारे में विचार कर रही है। नायडू ने कहाकि वैसे तो हमारे पास 2047 तक डेमोग्राफिक एडवांटेज है। लेकिन, दक्षिणी राज्यों खासकर आंध्र प्रदेश में बढ़ती उम्र वालों की आबादी चिंता में डालने वाली बात है। उन्होंने कहा कि जापान, चीन समेत कुछ यूरोपीय देश भी इस समस्या से जूझ रहे हैं। दक्षिण भारत में यह समस्या इसलिए हो रही है क्योंकि युवा लोग देश के दूसरे हिस्सों में या फिर विदेश चले जा रहे हैं।

चिंता का कारण गिरती प्रजनन दर
चंद्रबाबू नायडू ने दक्षिणी राज्यों में गिरती प्रजनन दर पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यहां फर्टिलिटी रेट 1.6% है, जो राष्ट्रीय दर 2.1% से काफी कम है। अगर यही हाल रहा तो हमारे यहां 2047 तक बुजुर्गों की आबादी काफी ज्यादा हो जाएगी। आंध्र प्रदेश ही नहीं, देश के कई गांवों में अब सिर्फ बुजुर्ग ही बचे हैं। नायडू ने जनसंख्या नियंत्रण पर अपने पहले के प्रयासों के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि तब हालात कुछ और थे। तेजी से बढ़ती आबादी के चलते प्राकृतिक संसाधन खतरे में थे। लेकिन, अब हालात बदल चुके हैं।