
काउंसलिंग के बाद लव जिहाद मामले में आरोपी पर दर्ज हुआ केस, युवक गिरफ्तार
भोपाल: मिसरोद इलाके में लव जिहाद के मामले में पुलिस ने लंबी काउंसलिंग के बाद आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। हालांकि पुलिस ने मामले में धर्मांतरण की धारा नहीं लगाई है। क्योंकि पीड़िता ने धर्मांतरण की बात होने से इंकार कर दिया था। इसलिए पुलिस ने शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म करने की एफआईआर दर्ज की है। साथ ही पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के मुताबिक 32 वर्षीय महिला पांच साल से अपने पति से अलग रह रही थी। रात में कुछ हिंदूवादी संगठन उसे लेकर थाने पहुंचे थे, जहां उनका आरोप था कि पीड़िता के साथ धर्मांतरण कर उसकी अस्मत लूटी गई है। पहले पीड़िता एफआईआर दर्ज करने के लिए तैयार नहीं थी, लेकिन बाद में उसकी काउंसलिंग कराई गई।
जांच के दौरान पीड़िता ने पुलिस को बताया कि मुंबई में ट्रेन में सफर के दौरान उसकी मुलाकात आशू खान नामक युवक से हुई थी। बाद में करीब तीन महीने से दोनों लिव इन में रह रहे थे। इस दौरान आरोपी युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में उसने शादी करने से इंकार कर दिया। पीड़िता के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। साथ ही पुलिस ने आरेपी युवक को गिरफ्तार भी कर लिया। जिसे पुलिस आज दोपहर बाद कोर्ट में पेश कर किया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।





