कांग्रेस के सभी गुट जुड़े व वंदे मातरम के साथ निकाली 30 किलोमीटर की भारत जोड़ो यात्रा

इटारसी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में शुरू की गई भारत जोड़ो यात्रा के तहत शनिवार को भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन, मप्र युवक कांग्रेस नगर कांग्रेस व एकजुट ग्रुप के संयुक्त तत्वावधान में इटारसी से नर्मदापुरम तक करीब 30 किमी. लंबी पैदल यात्रा निकाली गई। हाथ में तिरंगा और पार्टी का झंडा थामे कांग्रेस पार्टी के सभी गुटों के युवा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पूरे जोश के साथ इस यात्रा में भाग लिया। सुबह सभी कांग्रेसी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी विश्राम गृह परिसर में एकत्र हुए। यहां डीजे की धुन पर भारत जोड़ो यात्रा की धुन और देशभक्ति गीतों की धुन पर कांग्रेसियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण कर यहां वंदे मातरम और राष्ट्रगान गाया, इसके बाद भारत जोड़ो यात्रा,इटारसी से जयस्तंभ चौक, आरएमएस तिराहा, थाने के सामने से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग होते हुए नर्मदापुरम के इंदिरा चौक पर पहुंची। रास्ते में रैसलपुर, पवारखेड़ा, ब्यावरा गांव के कांग्रेसी कार्यकर्ताओं एवं युवाओं ने यात्रा का स्वागत किया, साथ ही जगह-जगह युवाओं की टोलियां यात्रा में जुड़ती चली गईं। पहाड़िया तिराहे पर वहां के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यात्रा का गर्मजोशी से स्वागत किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई। हाथों में लहराता हुआ तिरंगा थामे युवाओं का जोश काबिले तारीफ था। वर्षा में जगह-जगह कीचड़ और गड्डों के बीच कठिन रास्तों से कांरवा गुजरा। लंबे समय बाद क्षेत्र में इस भारत जोड़ो यात्रा में कांग्रेसियों की एकजुटता व पार्टी के प्रति समर्पण और उत्साह देखने को मिला। यात्रा में शरीक कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पूरे देश में आजादी के बाद एक नई क्रांति का आगाज करने के लिए हमारे नेता राहुल गांधी के नेतृत्व निर्देशन में इस यात्रा का संकल्प लिया गया है। इस यात्रा के माध्यम से हम आम जनता और पार्टी से जुड़े लोगों को सक्रिय कर कांग्रेस की नींव को मजबूती और नई दिशा देने का काम करेंगे। अब आम जनता की तकलीफों, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पूरी पार्टी एकजुट होकर श्री गांधी के नेतृत्व में हर आम के आदमी के दिल में जगह बनाने का काम कर रही है।

Author profile
WhatsApp Image 2023 01 04 at 8.25.11 PM
चंद्रकांत अग्रवाल

परिचय- वरिष्ठ कवि लेखक व पत्रकार। विगत 40 सालों से साहित्य व पत्रकारिता हेतु समर्पित लेखन। अखिल भारतीय कवि सम्मेलनों , व्याख्यान मालाओं,मोटीवेशन लेक्चर्स में देश भर में आमंत्रित व सम्मानित। पद्य व गद्य की हजारों रचनाएं , कई कालम,कई राष्ट्रीय स्तर की पत्रिकाओं अखबारों में प्रकाशित। कोविड काल में दो साल तक कई प्रमुख राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के फेस बुक साहित्य ग्रुप्स व पेज पर कोरोना से शारीरिक व मानसिक रूप से बचाव हेतु , सोशल डिस्टेंस बढ़ाकर , इमोशनल डिस्टेंस कम करने, कोविड से संक्रमित होने पर अपना आत्म बल बढ़ाये रखने व अकेलेपन का सदुपयोग सत्संग, अध्यात्म संग करके दूर करने, अपने परिवार, समाज, प्रदेश , देश व दुनिया भर के प्रति जहां जिस भूमिका में हैं हर सम्भव योगदान देने आदि के लिए जनजागरण हेतु भारतीय संस्कृति के आराध्यों के जीवन आदर्शों पर , सार्थक मानव जीवन हेतु व देश के उत्सवों के आध्यात्मिक मर्म पर केंद्रित कई सफल काव्य व व्याख्यान लाइव किये, जिनको विश्व भर में लाखों साहित्य प्रेमियों ने सुना व मुक्त कंठ से सराहा। कई प्रेरणाप्रद आलेख भी अपने कई अलग अलग कालम में विभिन्न राष्ट्रीय अखबारों में लिखे , 4 अखबारों का संपादन करते हुए कोरोना के समसामयिक व आध्यात्मिक, वैचारिक विषयों पर भी कई नए कॉलम का लेखन। जो विभिन्न अखबारों व पत्रिकाओं में प्रकाशित हुए । कई प्रदेश स्तरीय जिला व नगर स्तरीय सामाजिक, साहित्यिक संस्थाओं में प्रमुख पदों पर। प्रोफेशन - स्वयं का शेयर मार्केट ब्रोकिंग टर्मिनल , बिजनेस एसोसिएट अरिहंत केपिटल मार्केट लिमिटेड। सम्प्रति,इटारसी,जिला,नर्मदापुरम, मध्यप्रदेश। संपर्क मो न 9425668826