All India Police Games 2025: MP पुलिस का परचम – खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्‍य पदक

281

All India Police Games 2025: MP पुलिस का परचम – खिलाड़ियों ने जीते स्वर्ण, रजत और कांस्‍य पदक

भोपाल। “ऑल इंडिया पुलिस गेम्स 2025” और “ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर 2025” प्रतियोगिताओं में मध्यप्रदेश पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीतकर प्रदेश का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया।

गुरुवार को इन विजेता खिलाड़ियों ने पुलिस महानिदेशक (DGP) श्री कैलाश मकवाणा से सौजन्य भेंट की। डीजीपी ने सभी पदक विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि —

“यह उपलब्धि मध्यप्रदेश पुलिस के अनुशासन, संकल्प और क्षमता का प्रतीक है। यह जीत केवल पदक नहीं, बल्कि पुलिस के समर्पण, प्रशिक्षण और साहस का प्रतीक है।”

उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मी केवल कानून व्यवस्था के रक्षक ही नहीं, बल्कि खेल और फिटनेस के क्षेत्र में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसी उपलब्धियाँ पुलिस बल की सशक्त, सकारात्मक और प्रेरक छवि को और मजबूत बनाती हैं।

इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्री चंचल शेखर, पुलिस महानिरीक्षक श्री इरशाद वलि, कमांडेंट 7वीं वाहिनी श्री हितेश चौधरी, टीम मैनेजर सहायक सेनानी 23वीं वाहिनी श्री राजेश भांगरे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैंड श्रीमती कमला रावत उपस्थित रहे।

मुख्य उपलब्धियाँ – ऑल इंडिया पुलिस गेम्स 2025 (अमरावती, आंध्रप्रदेश)

आरक्षक भीमशंकर (मंदसौर) – पावर लिफ्टिंग 120 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक

महिला आरक्षक बबली खाखरे (क्राइम ब्रांच इंदौर, DCRB) – योगा चैंपियनशिप सिंगल आर्टिस्टिक योगासन में कांस्य पदक

उप निरीक्षक (अ) पूनम शर्मा (जीआरपी इंदौर) – ट्रेडिशनल योगासन सिंगल इवेंट में रजत पदक

मुख्य उपलब्धियाँ – ऑल इंडिया जूडो क्लस्टर 2025 (जम्मू-कश्मीर)

महिला आरक्षक दीक्षा शर्मा (भोपाल जिला पुलिस बल) – पेंचक सिलाट सेनी (तुंगल) ईवेंट में रजत पदक

महिला आरक्षक तृप्ति पांडेय – पेंचक सिलाट टेंडिंग ईवेंट में रजत पदक

प्रधान आरक्षक मनोज पहाड़े (36वीं वाहिनी विसबल, बालाघाट) – कराटे कुमिते ईवेंट में कांस्य पदक

आरक्षक कृष्णा वासुनिया – कराटे कुमिते ईवेंट में कांस्य पदक

2022 से 2025 तक मध्यप्रदेश पुलिस की खेल उपलब्धियाँ

आरक्षक भीमशंकर सिंह: 2022 से लगातार कुश्ती और वेटलिफ्टिंग में शीर्ष स्थान, 2025 में वेटलिफ्टिंग प्रथम स्थान।

महिला आरक्षक बबली खाखरे: 2024 में आर्टिस्टिक योगा प्रथम और 2025 में कांस्य पदक।

महिला आरक्षक दीक्षा शर्मा: 2022–2025 के बीच पेंचक सिलाट और जूडो में कई पदक।

आरक्षक तृप्ति पांडेय: 2022–2025 तक वुशु और पेंचक सिलाट में निरंतर सफलता।

प्रधान आरक्षक मनोज पहाड़े: 2022, 2024 और 2025 में कराटे व पेंचक सिलाट में कांस्य पदक।

आरक्षक कृष्णा वासुनिया व उनि पूनम शर्मा: क्रमशः कराटे कुमिते और योगा ट्रेडिशनल में उत्कृष्ट प्रदर्शन।

इन उपलब्धियों पर मध्यप्रदेश पुलिस परिवार ने गर्व व्यक्त किया है और उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी पुलिस कर्मी अपने खेल कौशल और समर्पण से प्रदेश का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करते रहेंगे।