

Army’s Reply to Pakistan : भारतीय सेना ने पोल खोली, हमने पाकिस्तान को वैसा ही जवाब दिया, जैसा उसने हमला किया!
New Delhi : भारी तनाव के बीच विदेश मंत्रालय और सेना की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह फिर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने बताया कि भारत की ओर से आतंकी ठिकानों पर किए गए टारगेटेड हमले के जवाब में पाकिस्तान ने भी हरकत की। 7 मई 8 मई की दरमियानी रात उत्तरी और पश्चिमी भारत में सेना के कुछ ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने की कोशिश की गई। इन हमलों को भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम ने नाकाम कर दिया। हमें जो मलबा मिला, वो पाकिस्तानी हमलों का स्पष्ट प्रमाण है।
शुरुआत में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि जब UNSC में पहलगाम के बारे में बातचीत चल रही थी, तब पाकिस्तान ने TRF (द रेजिस्टेंस फ्रंट) की भूमिका का विरोध किया था। ऐसा तब हुआ जब TRF ने एक बार नहीं, बल्कि दो बार हमले की जिम्मेदारी ली। कर्नल सोफिया कुरैशी और विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने आज भी साफ तौर पर कहा कि भारत की प्रतिक्रिया संतुलित, सटीक और नपी-तुली रही। हमारा इरादा मामले को बढ़ाने का नहीं है और हम केवल बढ़ोतरी का जवाब दे रहे हैं। किसी भी सैन्य लक्ष्य को निशाना नहीं बनाया गया है, केवल पाकिस्तान में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाया गया है।
पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली को निष्क्रिय किया
कर्नल सोफिया कुरैशी ने बताया कि पाकिस्तान ने अवंतीपोरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, आदमपुर, बठिंडा, चंडीगढ़, नाल, फलोदी, उत्तरलाई और भुज पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने का प्रयास किया। पाक ने सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की है। हमने पहले भी कहा था कि भारत ने पाकिस्तान के किसी सैन्य या नागरिक ठिकानों को निशाना नहीं बनाया। बल्कि, आतंकी ठिकानों पर सैन्य कार्रवाई की गई। इसके जवाब में आज सुबह भारतीय सेना ने पाकिस्तान के वायु रक्षा प्रणाली और रडार प्रणाली को निशाना बनाकर हमला किया। लाहौर में पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली को निष्क्रिय कर दिया गया।
पाकिस्तान ने बढ़ाई गोलीबारी, भारत ने तो जवाब दिया
विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने कहा कि पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामूला, उरी, पुंछ, मेंढर और राजौरी सेक्टरों में मोर्टार और भारी कैलिबर आर्टिलरी का उपयोग करते हुए नियंत्रण रेखा पर अपनी अकारण गोलीबारी की तीव्रता बढ़ा दी है। पाकिस्तानी गोलीबारी के कारण 16 निर्दोष लोगों की जान चली गई है, जिनमें तीन महिलाएं और पांच बच्चे शामिल हैं। भारत को पाकिस्तान की ओर से मोर्टार और आर्टिलरी की गोलीबारी को रोकने के लिए जवाब देने के लिए मजबूर होना पड़ा। भारतीय सशस्त्र बल गैर-वृद्धि के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं, बशर्ते कि इसका पाकिस्तानी सेना द्वारा सम्मान किया जाए।
पाकिस्तान का जन्म ही झूठ पर हुआ
सेना और विदेश मंत्रालय की प्रेस ब्रीफिंग में विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा कि पाकिस्तान के इस दुष्प्रचार पर कि उसने भारतीय विमानों को मार गिराया, कोई हैरानी की बात नहीं है। आखिरकार, यह एक ऐसा देश है, जिसमें जन्म के साथ ही झूठ बोलना शुरू हो गया था। 1947 में, जब पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर पर दावा किया, तो उन्होंने किसी अनजान व्यक्ति से नहीं, बल्कि संयुक्त राष्ट्र से झूठ बोला कि हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए यह यात्रा 75 साल पहले शुरू हुई।
विदेश सचिव ने आगे कहा कि पाकिस्तान दुनियाभर में आतंक का चेहरा बन चुका है। मुझे यह याद दिलाने की आवश्यकता नहीं है कि ओसामा बिन लादेन कहां पाया गया था और किसने उसे शहीद कहा था। पाकिस्तान बड़ी संख्या में संयुक्त राष्ट्र द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादियों और कई देशों द्वारा प्रतिबंधित आतंकवादियों का भी घर है। पिछले कुछ दिनों में उनके रक्षा मंत्री और पूर्व विदेश मंत्री ने ऐसे आतंकवादी समूहों के साथ अपने देश की संलिप्तता को स्वीकार किया है।