Arrested at Tincha Falls : तिंछा फॉल पर पार्टी करने गए 3 युवकों को पुलिस ने पकड़ा!

खतरनाक स्थान पर पार्टी करते और शराब पीकर नाचते हुए गिरफ्तार किया!  

49

Arrested at Tincha Falls : तिंछा फॉल पर पार्टी करने गए 3 युवकों को पुलिस ने पकड़ा!

Indore : कलेक्टर आशीष सिंह ने बारिश शुरू होते ही खतरनाक पर्यटक स्थलों पर प्रतिबंध लगा दिया है। बारिश में हजारों लोग इन जगहों पर खतरनाक स्थान तक जाते हैं। इसलिए लोगों की सुरक्षा को देखते हुए यह निर्णय लिया गया। इस आदेश के तहत पुलिस ने पार्टी कर रहे 3 युवकों को पकड़ा है। कलेक्टर के आदेश के बाद यह पहला मामला दर्ज किया गया। जल स्रोतों के आसपास लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए यह आदेश दिया गया था। आदेश में पर्यटन स्थलों के आस-पास जोखिम भरे और एकांत क्षेत्र में लोगों के जाने पर भी प्रतिबंध लगा है।

पर्यटन स्थल जाने पर इंदौर में पहला केस दर्ज हुआ। सिमरोल थाना प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि रविवार को इंदौर के बजरंग नगर के तीन युवक तिंछा फॉल के पास नदी किनारे पार्टी कर रहे थे। सिमरोल थाना प्रभारी निरीक्षक ने जानकारी दी कि रविवार को हितेश पिता प्रेमनारायण, सुशील पिता खिलावन दोनों निवासी बजरंग नगर और नीरज पिता राजेंद्र निवासी आदर्श नगर नदी किनारे पार्टी कर रहे थे। तिंछा फॉल पर पार्किंग के आगे नदी है, इस कारण यह क्षेत्र प्रतिबंधित किया गया है।

साथ ही शराब का सेवन करते हुए नाच रहे थे। तभी पुलिस पहुंच गई और तीनों को पकड़ लिया। तीनों युवकों पर पुरानी धारा 188 की तरह भारतीय न्याय संहिता में 223 वीएनएस के तहत कलेक्टर द्वारा जारी किए गए आदेश का पालन नहीं करने पर केस दर्ज किया गया। अब युवकों को नोटिस दिया जाएगा, इसके बाद इसकी कार्यवाही न्यायालय में होगी।

कलेक्टर द्वारा इंदौर जिले के सभी पर्यटन क्षेत्रों में जोखिम भरे व एकांत वाले क्षेत्रों में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया है। साथ ही पर्यटन स्थलों पर शराब का सेवन करने पर भी प्रतिबंध लगाया है। इंदौर के आस-पास पर्यटन स्थलों पर पहले भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। घूमने के लिए आने वाले लोग यहां जान जोखिम में डालकर नदी में नहाने लगते हैं। ऐसे में पैर फिसलकर अंदर डूबने का डर बना रहता है।

इन स्थानों पर प्रतिबंध 

कलेक्टर के आदेश के तहत तिंछा फाल, चोरल फाल, चोरल बांध, सीतला माता फाल, कजली-गढ़, मेंहदी कुंड, जामन्या कुंड और अन्य जोखिम भरे और एकान्त वाले पर्यटन स्थल पर खतरनाक स्थल और पार्टी करना प्रतिबंधित किया गया है।