विधानसभा कर्मचारी भी आंदोलन के मूड में, समयमान वेतनमान को लेकर अध्यक्ष को दिया ज्ञापन

321

विधानसभा कर्मचारी भी आंदोलन के मूड में, समयमान वेतनमान को लेकर अध्यक्ष को दिया ज्ञापन

भोपाल: विधानसभा कर्मचारी भी अब वेतन विसंगति और चतुर्थ समयमान वेतनमान की मांग को लेकर आंदोलन के मूड में है। विधानसभा कर्मचारियों ने विधानसभा अध्यक्ष को अपनी मांगों को लेकर एक ज्ञापन विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को सौंपा और कर्मचारियों को नवीन समयमान वेतनमान दिए जाने की मांग की।

विधानसभा सचिवालय कर्मचारियों की ओर से रामनारायण आचार्य ने विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात कर उन्हें विधानसभा कर्मचारियों की समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने अध्यक्ष से कहा कि विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों को शासन के निर्णय के अनुसार चतुर्थ समयमान वेतनमान दिया जाना चाहिए और तृतीय समयमान वेतन की विसंगति को दूर किया जाना चाहिए। उन्होने कहा कि राज्य शासन ने चौदह अगस्त को प्रदेश के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को 35 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर चतुर्थ समयमान वेतनमान देने के आदेश जारी किए है। इसमें मध्यप्रदेश विधानसभा के कर्मचारियों अधिकारियो को चतुर्थ समयमान वेतनमान दिए जाने का उल्लेख नहीं है। यह न्याय संगत नहीं है।

मध्यप्रदेश विधायिका लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ है और इस सचिवालय के समस्त अधिकारी कर्मचारी भी इस स्तंभ के अधीन अपनी सेवाए लोकतंत्र को प्रदान करते है। विधानसभा के अधिकारी-कर्मचारियों में शासन के इस निर्णय के प्रति निराशा है। वर्तमान में स्वीकृत तीन समयमान वेतनमान योजना में भी सचिवालय कर्मचारियों को विसंगतिपूर्ण समयमान वेतनमान दिया गया है। तृतीय समयमान वेतनमान ग्रेड पे 42 सौ दिया जा रहा है उसके स्थान पर 5400 और नवीन चतुर्थ समयमान वेतनमान 66 सौ दिया जाना चाहिए। उन्होंने शासन के समयमान वेतनमान संबंधी आदेश में विधानसभा कर्मचारियों को शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कर्मचारियों की मांगे पहुंचाने की मांग की है।