बड़वानी में पुलिस खेल महोत्सव 2026 का समापन, पानसेमल बनी चैंपियन

71

बड़वानी में पुलिस खेल महोत्सव 2026 का समापन, पानसेमल बनी चैंपियन

बड़वानी। जिले में आयोजित पुलिस खेल महोत्सव 2026 का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के नेतृत्व में आयोजित इस सप्ताहभर चले आयोजन में खेल भावना और जनसहभागिता का शानदार संगम देखने को मिला। “उत्साह नया – खेलें युवा 2026” थीम पर आधारित इस महोत्सव के अंतर्गत पुलिस प्रीमियर लीग (PPL) के रोमांचक मुकाबले खेले गए, जिनमें पानसेमल टीम ने फाइनल में सेंधवा ग्रामीण को 37 रनों से हराकर खिताब अपने नाम किया।

पुलिस परेड ग्राउंड, डीआरपी लाइन बड़वानी में खेले गए फाइनल मुकाबले का शुभारंभ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महेंद्र कुमार जैन ने टॉस उछालकर किया। इस अवसर पर न्यायाधीशगण, पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।

मैच में सेंधवा ग्रामीण टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का निर्णय लिया, लेकिन पानसेमल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए निर्धारित ओवरों में बढ़त बनाई और अंततः 37 रनों से जीत हासिल की।

WhatsApp Image 2026 04 13 at 15.27.54

इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में पानसेमल ने पलसूद को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में सेंधवा ग्रामीण ने वरला को मात दी। पूरे टूर्नामेंट में खिलाड़ियों ने अनुशासन, खेल भावना और टीमवर्क का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

महोत्सव में जिले के 16 थानों और डीआरपी लाइन की टीमों ने भाग लिया। इसके अलावा वन विभाग, जेल विभाग, अधिवक्ता संघ, शिक्षा विभाग तथा छात्र-छात्राओं के बीच मैत्री मैच भी आयोजित किए गए। महिला पुलिसकर्मियों और छात्राओं की सक्रिय भागीदारी इस आयोजन का विशेष आकर्षण रही।

फाइनल मैच के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता पानसेमल और उपविजेता सेंधवा ग्रामीण टीम को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर पानसेमल के आशीष को फाइनल का “मैन ऑफ द मैच” घोषित किया गया। वहीं, सेंधवा ग्रामीण के विक्की को “बेस्ट बैट्समैन”, पानसेमल के प्रवीण को “बेस्ट बॉलर” और सेंधवा ग्रामीण के शिवा को “मैन ऑफ द सीरीज” का पुरस्कार मिला।

पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल ने आयोजन की सफलता पर जिले की जनता और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से युवाओं में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और वे नशे व अपराध से दूर रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव पुलिस और जनता के बीच आपसी विश्वास एवं समन्वय को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

आयोजन में विभिन्न प्रायोजकों, अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों का उल्लेखनीय सहयोग रहा। पुलिस विभाग ने इस सफल आयोजन को जनसहभागिता और बेहतर समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया है।