Beat up in Hotel, Demanded Money : इंदौर की होटल में हनीट्रेप से पुलिस का इंकार, छेड़खानी का आरोप लगाकर युवक से पैसे मांगे!  

जानिए, होटल वालों से रूम में रुके युवक के साथ क्या बर्ताव किया!

997

Beat up in Hotel, Demanded Money : इंदौर की होटल में हनीट्रेप से पुलिस का इंकार, छेड़खानी का आरोप लगाकर युवक से पैसे मांगे!

Indore : इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र की एक होटल में युवक कथित रूप से हनीट्रेप का शिकार हो गया। जैसे ही यह जानकारी सोशल मीडिया के जरिए पुलिस तक पहुंची, तो हड़कंप मच गया। तत्काल भारी मात्रा में बल मौके पर पहुंचा और हकीकत पता की तो मामला कुछ ओर ही निकला। वास्तव में युवक से हनीट्रेप नहीं हुआ था, उसने महिला से छेड़छाड़ की थी। इस पर नाराज होकर होटल कर्मचारियों ने युवक को पीटने के बाद कुछ देर कमरे में बंद कर दिया था। इस दौरान पैसों की मांग भी की गई।

हरे कृष्ण विहार कॉलोनी निपानिया में मूनडे लाइट होटल है। यहां ऐशू निगम नामक युवक रूम नंबर जी-3 में कई दिनों से रुका था। दोस्त गणेश पाटिल 14 मई की शाम 4 बजे उससे मिलने गया था। रात 11.30 बजे होटल मैनेजर संदीप पटेल, लक्की, शुभम, अंकित और एक युवती रूम में आई और गणेश के साथ मारपीट की। मैनेजर के साथ आए युवकों ने गणेश को कहा कि तूने हमारे यहां की लड़की से छेड़छाड़ की, फिर उसके साथ मारपीट की। बाद में गणेश से 10 लाख रुपए मांगे। जब गणेश ने रुपए देने से मना किया तो आरोपियों ने कहा कि तुझे छेड़खानी और बलात्कार के मामले में फंसाकर जेल भिजवा देंगे।

गणेश को कमरे में बंद कर दिया। हर 2 घंटे में होटल कर्मचारी उसे पीटते रहे। दूसरे दिन सुबह मैनेजर संदीप पटेल, उसके साथियों ने स्टाम्प मंगवाकर उस पर गणेश से जबरदस्ती हस्ताक्षर भी करा लिए। इस दौरान गणेश के हाथ में मोबाइल लग गया। उसने तुरंत अपने मित्रों-परिवार जनों को पूरी घटना की जानकारी दी। परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस शाम 6.30 बजे होटल में पहुंची तो मैनेजर ने कहा कि गणेश सुबह ही चला गया। जबकि, गणेश उस समय होटल में कैद था। पूरी घटना होटल के सीसीटीवी में भी कैद है।

यह लिखा स्टाम्प पर

100 रुपए के स्टाम्प पर गणेश ने लिखा कि मैं दो दोस्तों के साथ होटल आया था। मैं, मेरा दोस्त अंकित मकवाना और कुलदीप कुशवाह ने होटल में कर्मचारियों से विवाद किया। स्टाफ के साथ मारपीट कर तोड़फोड़ की। इसके एवज में मेरे द्वारा होटल को एक लाख रुपए की राशि किश्तों में अदा की जाएगी। मैं यह राशि आनलाइन या नकद, जो भी होगा, उससे कर दूंगा। मैं सिक्युरिटी के तौर पर चेक दे रहा हूं। हर माह 15 तारीख को 5000 रुपए या फिर 6 महीने में राशि चुका दूंगा।

IMG 20250518 WA0019

वायरल मैसेज पर पुलिस का स्पष्टीकरण

होटल में युवक गणेश पाटिल के साथ हनी ट्रैप, मारपीट और 10 लाख रुपए की मांग का मामला वायरल हुआ। आरोप था कि होटल स्टाफ और लड़की ने मिलकर छेड़खानी-बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी, मारपीट की और जबरन स्टाम्प पर साइन कराए। होटल के कमरे में बंद कर बार-बार पीटा गया, बाद में धमकी देकर छोड़ा गया।

जांच में जो सामने आया

जांच में पता चला कि ऐशू निगम नामक युवक होटल में 15 दिन से रुका था। 14 मई को उसके दोस्त गणेश, अंकित और कुलदीप मिलने आए। कुलदीप जल्दी चला गया। रात 8 बजे अंकित और ऐशू खाना लेने गए। इसी दौरान गणेश ने होटल की महिला कर्मचारी के साथ अश्लील इशारे किए। इस पर स्टाफ ने गणेश के साथ मारपीट की और वहां बाहर नहीं जाने दिया। अगले दिन होटल में तोड़फोड़ का आरोप लगाकर एक लाख रुपए मांगे और स्टाम्प पर लिखवाया। शाम को गणेश को छोड़ा गया, जो रात 9 बजे शशि नर्सिंग होम पहुंचा। पुलिस को हॉस्पिटल से सूचना मिली और जांच के बाद पुलिस ने मारपीट करने वालों पर केस दर्ज कर लिया।

हनी ट्रैप जैसी कोई पुष्टि नहीं

सहायक पुलिस आयुक्त थाना लसूड़िया आदित्य पटले के मुताबिक, वायरल मैसेज में कई बातें बढ़ा-चढ़ाकर बताई गई थीं। असल में मामला छेड़छाड़ और मारपीट का है, हनी ट्रैप जैसी कोई पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने जांच कर एफआईआर दर्ज की है।