
Bhopal News: जनगणना ड्यूटी में कौताही बरतने वाले कर्मचारियों पर सख्ती, सोमवार तक संतुष्ट जवाब नहीं होने पर होगी सख्त कार्रवाई
भोपाल। भोपाल नगर निगम में जनगणना से जुड़ी बैठक में अनुपस्थित रहने वाले 28 अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्ती शुरू हो गई है।
कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह के निर्देश पर नगर निगम कमिश्नर संस्कृति जैन ने 32 अधिकारी-कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। सभी को निर्देश दिए गए हैं कि वे 6 अप्रैल यानी सोमवार तक स्वयं उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें, अन्यथा उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, जनगणना संबंधी महत्वपूर्ण बैठक में कई अधिकारी-कर्मचारी बिना सूचना के अनुपस्थित रहे थे। लगातार जनगणना ड्यूटी पर कौताही बरतने वाले 13 सहायक यंत्री और 15 उपयंत्री पर यह सख्ती की गई है। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए निगम प्रशासन ने यह कदम उठाया है। निगम प्रशासन का कहना है कि जनगणना कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों की अनुपस्थिति से कार्य प्रभावित होता है, जिससे शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन पर असर पड़ता है। निगम कमिश्नर ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय तक जवाब नहीं देने वालों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। इस कदम के बाद निगम कर्मचारियों में हड़कंप का माहौल है और समय पर जवाब देने की तैयारी शुरू हो गई है।





