इसी माह PWD की सड़कें होगी चकाचक, सभी इंजीनियरों को EnC का फरमान

सड़क-भवन मजबूतीकरण के सारे काम तीस अप्रैल तक करना है पूरे, सॉफ्टवेयर से होगी मानीटरिंग

124

इसी माह PWD की सड़कें होगी चकाचक, सभी इंजीनियरों को EnC का फरमान

भोपाल: अब बारिश शुरु होंने के कारण सड़कों के संधारण का बहाना काम नहीं करेगा। लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता केपीएस राणा ने प्रदेश के सभी विभागीय मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया है कि विभाग के अंतर्गत आने वाली सड़कों, भवनों के विशेष मजबूतीकरण के काम तीस अप्रैल तक पूरे कर लें। इनकी मानीटरिंग सॉफ्टवेयर के जरिए होगी और हर सोमवार समीक्षा भी होगी

लोक निर्माण विभाग में नया बजट स्वीकृत होंने के बाद हमेशा विभाग की सड़कों और भवनों की मरम्मत, संधारण और मजबूतीकरण के काम तय करने, उनकी डीपीआर बनाने, टेंडर जारी करने, स्वीकृत क रने और काम शुरु करने में दो महीने लग जाते थे। इसके चलते जब काम देर से शुरु होता था और बारिश आ जाने के कारण पूरा नहीं हो पाता था। इसलिए अब ईएनसी राणा ने बजट स्वीकृति के साथ ही उस बजट से काम कराने के लिए इंजीनियरों के लिए टाइम लिमिट तय कर दी है। तीस अप्रैल तक विभाग के अंतर्गत स्वीकृत सभी विशेष मजबूतीकरण के काम उन्होंने तीस अप्रैल तक पूरे करने के लिए सभी मुख्य अभियंताओं को निर्देशित किया है। उनसे कहा गया है कि उनके नीचे काम करने वाले सभी कार्यपालन यंत्रियों को समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित करें। कार्य की प्रगति की मॉनीटरिंग के लिए डब्ल्यूएमएस सॉफ्टवेयर में एक अलग मॉडयूल विकसित किया गया है। संबंधित कार्यपालन यंत्री प्रत्येक कार्य की अद्यमन प्रगति निर्धारित प्रारुप में नियमित रुप से इस डब्ल्यूएमएस मॉडयूल में प्रविष्ट करेंगे। यह करना उनके लिए अनिवार्य किया गया है। किसी भी प्रकार की बाधा, विलंब की स्थिति में तत्काल निराकरण करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है। निश्चित समयसीमा में काम पूरे हो इसके लिए इन कामों की प्रगति की समीक्षा हर सोमवार को की जाएगी। साप्ताहिक समीक्षा बैठक में लक्ष्य के विरुद्ध प्रगति न पाये जाने पर संबंधित के विरुद्ध कार्यवाही प्रस्तावित की जाएगी। ईएनसी ने कहा है कि निर्धारित कार्य समयसीमा में पूरे करना सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखा जाए। निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। अवहेलना करने पर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी।

*विधायक-सांसदों की सिफारिशों का है अंबार-* 

लोक निर्माण विभाग के पास प्रदेश के अधिकांश सांसदों और विधायकों के क्षेत्रों में नई सड़कों की मांग, पुरानी सड़कों के मरम्मत-संधारण की सिफारिशों और मांगों के पत्रों का अंबार लगा हुआ है। इन सभी को चिन्हित कर सर्वाधिक जरुरी मार्गो के संधारण पर फोकस किया जा रहा है। नई सड़कों के निर्माण से पहले पुरानी सड़कों के मरम्मत, संधारण पर फोकस रखा गया है। ताकि बारिश से पहले काम पूरा हो जाए।