
Big action by Sailana Police : नाबालिग छात्र को जान से मारने की धमकी देकर रुपए व स्वर्ण आभूषण हड़पने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, तीसरे आरोपी की तलाश जारी!
Ratlam : जिले की सैलाना पुलिस ने कक्षा 10वीं के एक छात्र को जान से मारने की धमकी देकर उससे रुपए एवं स्वर्ण आभूषण हड़पने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया हैं तथा प्रकरण के एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। एसपी अमित कुमार के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो एवं सैलाना एसडीओपी श्रीमती नीलम बघेल के मार्गदर्शन में सैलाना थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। बता दें कि 26 जून 2026 को फरियादी नाबालिक बालक ने सैलाना थाने पर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी पहचान आदित्य सिसोदिया एवं अंकलेश मोगिया से हुई थी। दोनों ने उससे पहले दोस्ती की और बाद में समय-समय पर ₹500, ₹1000 सहित नकदी की मांग करने लगे।
जब मैंने रुपए देने से मना किया तो आरोपियों ने मुझे व मेरे पिताजी को जान से मारने तथा रास्ते में गंभीर घटना करने की धमकी दी है। लगातार मिल रही धमकियों से भयभीत होकर नाबालिग छात्र ने अपने घर से 3 सोने की अंगूठियां एवं 1 जोड़ी सोने के कान के आभूषण निकालकर दोनों आरोपियों को दे दिए। जब परिजनों ने घर में आभूषण नहीं मिलने पर पूछताछ की, तब छात्र ने पूरी घटना बताई। शिकायत के आधार पर सैलाना थाने में अपराध क्रमांक 228/2026 अंतर्गत धारा 308(5), 351(3), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस द्वारा प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर आरोपी आदित्य पिता राजेन्द्र सिंह सिसोदिया निवासी मोती बंगला सैलाना, अंकलेश पिता जुझारसिंह मोगिया निवासी गीता भवन सैलाना को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हर्ष उर्फ हर्षवर्धन गुर्जर निवासी सकरावदा के साथ मिलकर फरियादी को जान से मारने की धमकी देकर रुपए एवं स्वर्ण आभूषण लेना कबूला। और पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि प्राप्त आभूषणों को आदित्य के खेत पर बने कमरे में छिपाकर रखा गया है। पुलिस द्वारा मशरूका बरामदगी की कार्रवाई की जा रही है।
प्रकरण में अन्य तथ्यों एवं संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में विवेचना जारी है। मामले का तीसरा आरोपी हर्ष उर्फ हर्षवर्धन पिता मांगीलाल गुर्जर निवासी सकरावदा, थाना सैलाना, जिला रतलाम फरार है जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई हैं। आरोपियों को पकड़ने में थाना प्रभारी पिंकी आकाश, उप-निरीक्षक शीना खान, संदीप भदौरिया, फकीर चन्द सोलंकी (थाना नामली), तूफान भुरिया, सूर्यप्रसाद, विजय मोहनिया, भारत अलावा, मुरली कटारिया एवं संदीप परमार की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रहीं!






