Big Announcement By CM Shivraj: MP में भगोरिया राजकीय और सांस्कृतिक पर्व के रूप में मनेगा

CM खुली जीप में पहुंचे कार्यक्रम स्थल,भगोरिया में हुए शामिल

855

Big Announcement By CM Shivraj: MP में भगोरिया राजकीय और सांस्कृतिक पर्व के रूप में मनेगा

आलीराजपुर से अनिल तंवर की रिपोर्ट 

आलीराजपुर: मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज यहां घोषणा की कि MP में भगोरिया राजकीय और सांस्कृतिक पर्व के रूप में मनेगा।सीएम ने कहा कि भगोरिया जनजातीय परंपरा का अभिन्न अंग और लोक उत्सव है।

मुख्यमंत्री आज पूरी तरह आदिवासी पर्व भगोरिया के रंग में रंगे नजर आए। वह आदिवासी परिधान, सिर पर पगड़ी और कुर्ते पर जैकेट डाले नजर आए। उन्होंने काला चश्मा भी पहना। शिवराज सिंह चौहान आलीराजपुर में भगोरिया में शामिल हुए। उनके साथ पत्नी साधना सिंह भी मौजूद रहीं। वह भी आदिवासी गेटअप में दिखीं।

WhatsApp Image 2023 03 06 at 5.19.40 PM

सीएम शिवराज सिंह ने यहां आयोजित कार्यक्रम में कन्या पूजन किया। इसके बाद अपने संबोधन में कहा कि फाल्गुन का महीना है। होली आने वाली है। बसंत ऋतु चल रही है। हमारे नौजवान मांदल की थाप पर नृत्य कर रहे हैं। मैं आदिवासी संस्कृति को प्रणाम करता हूं।

सीएम ने कहा कि भगोरिया जनजातीय परंपरा का अभिन्न अंग और लोक उत्सव है। मैं ऐलान करता हूं कि अब से भगोरिया को राजकीय पर्व और सांस्कृतिक पर्व माना जाएगा।

उन्होंने ये भी घोषणा की है कि जिले के सोंडवा के 106 गांव में पानी लाने के लिए सर्वे कराया जाएगा। भाजपा की सरकार है, क्यों चिंता करते हो। कांग्रेस और कमलनाथ की थोड़े हैं।

सीएम ने कहा कि आलीराजपुर में ही मैंने घोषणा की थी कि हमारे आदिवासी भाई बहनों के खेतों में नहर से पानी नहीं आता है तो बड़े बड़े पाइपों से पानी खींचेंगे। टेस्टिंग हो रही है और इस साल आपके खेतों में पाइप से पानी पहुंचाकर ही हम चैन की सांस लेंगे। खेतों में पानी पहुंचेगा तो ऐसी फसल पैदा होगी कि पंजाब वाले पीछे रह जाएंगे। हमारे किसान चमत्कार करेंगे।

बाबा छीतू किराड़ का बनेगा स्मारक

सीएम शिवराज सिंह ने बाबा छीतू किराड़ का स्मारक बनाने की भी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बाबा छीतू किराड़, जिन्होंने 1883 में अंग्रेजों को हमारी ताकत बताई थी कि भारत की ताकत क्या होती है। हम यह फैसला कर रहे हैं कि छीतू बाबा किराड़ की प्रतिमा को सोंडवा किले में लगाएंगे। उस किले का पूरा जीर्णोद्धार कराएंगे। छीतू बाबा किराड़ का भव्य स्मारक बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जल्द ही आऊंगा, जब हम सोंडवा में सिंचाई परियोजना का शुभारंभ करेंगे। तब मैं विस्तार से बात करूंगा। अभी नाचिए, गाइए और अपनी परंपरा को आगे बढ़ाइए। मामा भी साथ है और आज तो मामी को भी साथ लाया हूं।