BJP Attack : पटेरिया के बयान पर CM ने कहा ‘यह बयान नहीं कांग्रेस का षड्यंत्र है!’

कांग्रेस नेता के मोदी को मारने के बयान पर राजनीति गरमाई

580
Rewa Rape Case

BJP Attack : पटेरिया के बयान पर CM ने कहा ‘यह बयान नहीं कांग्रेस का षड्यंत्र है!’

Bhopal : दिग्विजय सिंह सरकार में गृहमंत्री रहे कांग्रेस नेता राजा पटेरिया के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर जो विवादित बयान दिया उसके बाद भाजपा हमलावर है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी राजा पटेरिया और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। मुख्यमंत्री ने पटेरिया के बयान को षड्यंत्र करार दिया। उन्होंने इस बयान को कांग्रेस की नीति रणनीति बताया।

पटेरिया के बयान पर शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि क्या कांग्रेस की नीति और रणनीति यही है। द्वेष की आग में जल रही कांग्रेस आखिर कहां जाएगी, ये भयंकर अपराध है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा पटेरिया के खिलाफ दर्ज FIR में सख्त धाराएं लगाने, जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की और कहा कि ये पीएम की हत्या करने की बात कर रहे हैं। भाजपा की जो मांग है, वो जायज है।

मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा ‘नरेंद्र मोदी जी की हत्या की बात, यह विद्वेष की पराकाष्ठा है, घृणा की अति है, ऐसी चीजों को सहन नहीं किया जाएगा!’ बीजेपी के अध्यक्ष वीडी शर्मा ने भी अपने ट्वीट में कहा ‘पूर्व मंत्री राजा पटेरिया पर NSA लगना चाहिए, इस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच होना चाहिए।

उस बैठक में कौन लोग थे और क्या स्ट्रेटजी बनी है ,उसकी भी जांच होना चाहिए। भारत जोड़ो यात्रा के नाम पर जो देश का वातावरण राहुल गांधी खराब कर रहे हैं, उसकी भी जांच हो!’

राजा पटेरिया ने जो कहा
कांग्रेस नेता राजा पटेरिया ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित बयान दिया। पटेरिया ने अपने विवादित बयान में प्रधानमंत्री की हत्या की बात की। पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राजा पटेरिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सब खत्म कर देगा, मोदी धर्म, जाति, भाषा के आधार पर लोगों को बांट देगा। मोदी की वजह से दलित, आदिवासी और अल्पसंख्यकों को खतरा है। अगर संविधान को बचाना है तो पीएम मोदी को खत्म करने के लिए तैयार रहो। पटेरिया का ये वीडियो पन्ना जिले के पवई का है।

बयान के बाद माहौल गरमाता देख राजा पटेरिया ने अपनी सफाई में एक वीडियो जारी किया। उन्होंने इस वीडियो में कहा कि एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दिखाया गया है कि मैंने ‘मोदी को मारो’ कहा है। मैं कहना चाहूंगा कि मैं महात्मा गांधी का शिष्य हूं और ऐसा व्यक्ति किसी को मारने की बात नहीं कर सकता। वह वीडियो गलत तरीके से पेश किया गया है। मैंने वास्तव में कहा था कि देश के संविधान को बचाने, बेरोजगारी को दूर करने, अल्पसंख्यकों, दलितों और आदिवासियों की रक्षा के लिए मोदी को हराना जरूरी है। मेरे मकसद को गलत तरीके से पेश किया गया है।