भाजपा जिला उपाध्यक्ष की सफारी का चालान, काली फिल्म-हूटर और बिना बीमा गाड़ी जप्त

27

भाजपा जिला उपाध्यक्ष की सफारी का चालान, काली फिल्म-हूटर और बिना बीमा गाड़ी जप्त

छतरपुर :  शहर में देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान सत्ताधारी दल के एक पदाधिकारी पर कार्रवाई का मामला सामने आया है। भाजपा के नवनियुक्त जिला उपाध्यक्ष पंकज पांडे की तेज रफ्तार सफारी गाड़ी को नौगांव रोड पर रोककर पुलिस ने चालान काटा और वाहन जप्त कर लिया।
कार्रवाई उस समय हुई जब गाड़ी तेज स्पीड में नौगांव रोड से गुजर रही थी। चेकिंग के दौरान दस्तावेजों और वाहन की जांच में कई अनियमितताएं सामने आईं।

कार्रवाई के दौरान सामने आईं ये बातें..
🔹 गाड़ी में काली फिल्म लगी हुई थी
🔹 हूटर का इस्तेमाल किया जा रहा था
🔹 वाहन बिना वैध बीमा के सड़क पर दौड़ रहा था।
मौके पर मौजूद प्रशिक्षु आईपीएस लेखराज मीणा ने सख्ती दिखाते हुए वाहन को तत्काल जप्त कराने के निर्देश दिए। इसके बाद सफारी को ओरछा रोड थाने में खड़ा कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू की गई।
सूत्रों के मुताबिक, संबंधित वाहन भाजपा जिला उपाध्यक्ष पंकज पांडे का बताया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

‘कानून सबके लिए बराबर’ का संदेश..
पुलिस की इस कार्रवाई को साफ संदेश के रूप में देखा जा रहा है कि नियमों के उल्लंघन पर पद या प्रभाव नहीं चलेगा। फिलहाल वाहन के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई जारी है।