Blow to BJP : भाजपा के तीन बार MLA रहे नेता का बेटा कांग्रेस में शामिल!

500 गाड़ियों का काफिला लेकर PCC आए, सदस्यता ली!

1570

Blow to BJP : भाजपा के तीन बार MLA रहे नेता का बेटा कांग्रेस में शामिल!

Ashoknagar : ग्वालियर संभाग के गढ़ में भाजपा को बड़ा झटका लगा। मुंगावली विधानसभा क्षेत्र से तीन बार विधायक रहे स्व राव देशराज सिंह यादव के बेटे यादवेंद्र सिंह यादव ने कांग्रेस का पल्ला थाम लिया। प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय भोपाल में कमलनाथ ने उन्हें सदस्यता दिलाई। दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, जयवर्द्धन सिंह भी इस समय मौजूद रहे। यादवेंद्र के साथ उनके समर्थकों ने भी कांग्रेस की सदस्यता ली। वे 500 गाड़ियों का काफिला लेकर भोपाल आए थे।

यादवेंद्र ने कांग्रेस की सदस्यता लेने के बाद कहा कि मेरे पिता ने भाजपा को खड़ा करने में बहुत मेहनत की। वर्तमान में मैं, मेरी पत्नी और मां जिला पंचायत सदस्य हैं। हमारे परिवार ने भाजपा की सेवा की, लेकिन जब से सिंधिया भाजपा में आए, पुराने और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा होने लगी। भ्रष्टाचार बढ़ता गया। अशोकनगर में स्थिति यह हो गई कि एससी, एसटी, आदिवासियों से जमीन छीन ली गईं। डेढ़-दो किलोमीटर की कॉलोनियां काटी जा रही हैं। जिनके पास कभी चुनाव के लिए पैसा नहीं था, आज वे करोड़ों के मालिक हैं। इससे मन व्यथित था। हमसे जुड़े लोगों को केस लगाकर अंदर किया जा रहा था। अंदर से घुट रहा था। समर्थकों से बात की तो बोले- हम कांग्रेस जॉइन कर लेते हैं। भाजपा की विचारधारा अब नहीं बची। सभी अपने पेट भरने में लगे हुए हैं।

उनके भाई अजय यादव के कांग्रेस जॉइन करने के सवाल पर कहा कि अजय ही नहीं, मेरे दो लाख भाई-बहन हैं। पूरा मुंगावली विधानसभा क्षेत्र में मेरे भाई-बहन हैं। सिंधिया के खिलाफ चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि जो पार्टी निर्णय करेगी, वो करेंगे।

 

प्रदेश में सबसे ज्यादा अत्याचार महिलाओं पर

कमलनाथ ने कहा कि मध्यप्रदेश के भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए यादवेंद्र कांग्रेस में शामिल हुए हैं। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला करते हुए उन्होंने कहा कि ये कहते हैं कि मैं कमलनाथ के राजनीतिक भविष्य को गाड़ दूंगा। कहते हैं कि मैं कमलनाथ का अंत करूंगा। मैं भी गाड़ूंगा, लेकिन बेरोजगारी, महिला अत्याचार और भ्रष्टाचार को गाड़ूंगा। इनको अब बहनें याद आई हैं। पहले जब ये किसान के बेटे बने तो सबसे ज्यादा किसानों की हत्या देश भर में मध्यप्रदेश में हुईं। मामा बने तो सबसे ज्यादा अत्याचार महिलाओं पर हुआ। यह मैं केंद्र की रिपोर्ट के आधार पर कह रहा हूं।