Bride Absconding : नकली दुल्हन-असली शादी, स्टेशन से दुल्हन फरार

राजस्थान से रीवा आए परिवार से डेढ़ लाख लेकर सभी फरार 

1009

Bride Absconding : नकली दुल्हन-असली शादी, स्टेशन से दुल्हन फरार

Sikar (Rajasthan) : ये नकली दुल्हन का एक नया किस्सा है। रीवा में शादी करने आया परिवार डेढ़ लाख रुपए की ठगी का शिकार हो गया। इस परिवार का कहना है कि रीवा रेलवे स्टेशन से दुल्हन उन्हें चकमा देकर फरार हो गई। अब स्थिति यह है कि मंदिर में शादी कराने के बाद लड़की के माता-पिता और पंडित और मध्यस्थ भी नहीं मिल रहे। सबके मोबाइल भी बंद मिल रहे।

लड़के वालों ने बताया, हमें सिर्फ लड़की का नाम और फोन नंबर पता है। शादी किस मंदिर में हुई यह भी नहीं पता है। लड़की का नाम शिवानी है। उसकी मां असली थी। क्योंकि, दोनों के चेहरे एक जैसे थे। बाकी सब फर्जी समझ में आ रहे थे। फिलहाल चोरहटा पुलिस ने शिकायती आवेदन लेकर संबंधित थानों में मंदिर व लड़की की फोटो भिजवाई है। जिससे कि घटनास्थल का पता कर FIR की जा सके।

राजस्थान की महिला के भाई कैलाश चन्द्र वर्मा की शादी नहीं हो रही थी। 6 महीने पहले महिला की दोस्ती रीवा के युवक से हुई। वह बहना-बहना कहकर महिला के घर वालों से भी घुल मिल गया। एक दिन महिला ने कहा कि सब कुछ अच्छा है, लेकिन मेरे भाई की शादी नहीं हो रही। अगर आपके रीवा तरफ कोई लड़की हो तो शादी करा दो। यहीं से युवक ने ठगी का प्लान बनाया।

 

शादी करना मंदिर में तय हुआ

युवक ने महिला को 5 लड़कियों को फोटो दिखाई। जब एक लड़की को महिला ने पसंद कर लिया तो युवक ने कहा कि लड़की गरीब परिवार की है। लड़की का नाम शिवानी बताया। उसने कहा, डेढ़ लाख रुपए लगेंगे। महिला राजी हो गई। उसने अपने भाई और परिवार को पूरी बात बताई। 7 सितंबर को शादी की तारीख तय हो गई। राजस्थानी परिवार ने कहा कि शादी लड़की के घर से हो, लेकिन मध्यस्थ ने कहा कि लड़की के परिवार वाले शादी के खिलाफ है। ऐसे में मंदिर में शादी हो जाएगी। आप लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है।

 

रेलवे स्टेशन से दुल्हन भागी

शादी से पहले बिचौलिए ने डेढ़ लाख रुपए की रकम नकद ली और कहा कि लड़की के घरवाले भी शादी के लिए तैयार हो गए हैं। इसके बाद लड़की के माता-पिता पंडित लेकर मंदिर में पहुंचे। दोपहर में शादी संपन्न होने के बाद विदाई हो गई। शाम को एक ही ऑटो में दूल्हा, दुल्हन, दूल्हे का जीजा और दीदी अपने साथ दुल्हन की मां को लेकर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुए। दुल्हन की मां बस स्टैंड पर उतर गई। इसके बाद दुल्हन रेलवे स्टेशन से चकमा देकर भाग गई।

पीड़ित परिवार घटना के बाद जीआरपी थाने रिपार्ट दर्ज कराने पहुंचे। इसके बाद 8 सितंबर को चोरहटा थाने गए। लेकिन घटनास्थल गुढ क्षेत्र और गोविंदगढ़ प्रतीत होने पर FIR दर्ज नहीं की गई है। साइबर सेल से मदद ली जा रही है। फिलहाल इस मामले की कहीं रिपोर्ट नहीं दर्ज हुई है।

किस मंदिर में शादी ये भी नहीं पता

ठगी का शिकार परिवार 7 सितंबर की शाम दुल्हन की रिपार्ट दर्ज कराने चोरहटा थाने पहुंचा। थाने में बताया कि हम राजस्थान के सीकर जिले के रहने वाले है। 7 सितंबर को कैलाश चन्द्र वर्मा की शादी कराने रीवा आए थे। हिन्दू रीति रिवाज से रीवा जिले में नहर के किनारे एक मंदिर में शादी हुई। लेकिन, रेलवे स्टेशन से दुल्हन फरार हो गई। साथ ही पीड़ित परिवार ने ये भी बताया कि वो मंदिर कहां है इस बात की जानकारी नहीं है।